बिहार में सीटों का बंटवारा, भाजपा लड़ेगी 160 पर

अमित शाह और जीतनराम मांझी.
प्रकाशित

बिहार विधानसभा चुनाव के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के घटक दलों के बीच सीटों के बंटवारे पर समझौता हो गया है.

सोमवार को दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में पत्रकारों से बात करते हुए भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि समझौते के मुताबिक़ विधानसभा की 243 सीटों में से भाजपा 160 सीटों पर चुनाव लड़ेगी.

उनके मुताबिक़, केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी 40 और केंद्र सरकार में मंत्री उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक समता पार्टी 23 सीटों पर चुनाव मैदान में उतरेगी.

रामविलास पासवान, केंद्रीय मंत्री

इसके अलावा राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी की पार्टी हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) 20 सीटों पर चुनाव लड़ेगी.

भाजपा का टिकट

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी की पार्टी के कुछ नेता भाजपा के टिकट पर भी चुनाव लड़ेंगे. मांझी ही तय करेंगे कि उनकी पार्टी के कौन नेता भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ेंगे.

अमित शाह ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एनडीए में शामिल चारों पार्टियों के लिए चुनाव प्रचार करेंगे. राजग में शामिल चारों पार्टियों का साझा चुनाव घोषणा पत्र जल्द जारी किया जाएगा.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी.

उन्होंने भाजपा को एक मौका देने की आपील करते हुए बिहार की जनता से कहा कि वे राज्य के विकास के लिए मतदान करें.

शाह ने कहा कि आज बिहार को एक ऐसी सरकार की ज़रूरत है, जो केंद्र सरकार से तालमेल कर काम करे और प्रधानमंत्री ने बिहार के लिए जो सपना देखा है, उसे पूरा करे.

<bold>(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए <link type="page"><caption> यहां</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi " platform="highweb"/></link> क्लिक करें. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href=" https://www.facebook.com/bbchindi " platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं. )</bold>