अखिलेश यादव का पटना दौरा आज

इमेज स्रोत, AP
मंगलवार को जिन ख़बरों के सुर्ख़ियों में रहने की उम्मीद है, उनमें अखिलेश यादव का पटना दौरा, वॉशिंगटन में भारत-अमरीकी रणनीतिक वार्ता और चीनी राष्ट्रपति का अमरीकी दौरा प्रमुख है.
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव आज पटना जाएंगे जहां वो समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं से मिलेंगे.
बिहार में आगामी चुनाव को देखते हुए उनके इस दौरे को तीसरे मोर्चे के गठन के लिए अहम माना जा रहा है.

इमेज स्रोत, AP
भारतीय विदेश मंत्री सुषमा स्वराज आज वॉशिंगटन में अमरीकी विदेश मंत्री जॉन कैरी से मिलेंगी.
प्रधानमंत्री मोदी के दौरे से ठीक पहले अमरीकी दौरे पर गईं भारतीय विदेश मंत्री वहां भारत-अमरीका रणनीतिक और वाणिज्य संवाद में हिस्सा लेंगी.
दिल्ली से सटे गुड़गांव के कुछ हिस्सों में आज सुबह सात बजे से लेकर शाम सात बजे तक कार नहीं चलेंगी.

इमेज स्रोत, Getty
इस पहल का मक़सद लोगों को परिवहन के अन्य साधनों के भी इस्तेमाल के लिए प्रेरित करना है.
पूर्व आईपीएस अधिकारी संजीव भट्ट की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में आज फिर सुनवाई होगी. भट्ट का कहना है कि गुजरात दंगों के दौरान राज्य सरकार की भूमिका पर सवाल उठाने के लिए उन्हें प्रताड़ित किया गया है.
उधर अंतरराष्ट्रीय ख़बरों में, ब्रसेल्स में आज यूरोपीय संघ के देशों के गृह मंत्रियों की बैठक हो रही है जिसमें मुख्य रूप चर्चा प्रवासी संकट पर होगी.

चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग आज से अपना अमरीकी दौरा शुरू कर रहे हैं जिसके तहत वो सबसे पहले सिएटल में बोइंग और माइक्रोसॉफ़्ट जैसे दिग्गज कंपनियों के मुख्यालय जाएंगे.
अपनी चार दिन की अमरीका यात्रा वो वॉशिंगटन में राष्ट्रपति बराक ओबामा से भी मिलेंगे.
नाटो के प्रमुख येंस स्टोल्टनबर्ग आज यूक्रेन की राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद की बैठक में हिस्सा लेंगे. बैठक ऐसे समय में हो रही है जब रूस के साथ यूक्रेन का तनाव शीत युद्ध के बाद से चरम स्तर पर है.
<bold>(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप <link type="page"><caption> यहां क्लिक</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> कर सकते हैं. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)</bold>

























