अब बाघों को बीफ़ दिए जाने पर हंगामा

इमेज स्रोत, alok putul
- Author, आलोक प्रकाश पुतुल
- पदनाम, रायपुर से, बीबीसी हिंदी डॉटकॉम के लिए
- प्रकाशित
छत्तीसगढ़ के एक चिड़ियाघर में बाघों को बीफ़ दिए जाने को लेकर हंगामा शुरू हो गया है.
भिलाई के मैत्रीबाग चिड़ियाघर में बाघ, सिंह और तेंदुआ जैसे जानवरों को भोजन में बीफ़ दिया जाता है.
भारत सरकार का उपक्रम भिलाई इस्पात संयत्र इस चिड़ियाघर को संचालित करता है.
छत्तीसगढ़ में गौमांस की बिक्री पर रोक है. इसलिए राज्य में बीफ़ की आपूर्ति अन्य राज्यों से होती है.

इमेज स्रोत, alok putul
वैसे तो देश के ज्यादातर चिड़ियाघरों में बाघ, सिंह और तेंदुए जैसे जाैनवरों को भोजन में बीफ़ ही दिया जाता है.
विवाद तब शुरू हुआ जब भिलाई संयत्र प्रबंधन ने दो साल की बीफ़ सप्लाई के ठेके के लिए बुधवार को एक इश्तिहार दिया.
लगभग एक लाख किलो बीफ़ की आपूर्ति की इस बात पर हिंदू संगठनों ने आपत्ति जताई है और चेतावनी दी है कि बाघ, सिंह और तेंदुए को बीफ़ देना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

इमेज स्रोत, alok putul
भारतीय जनता पार्टी के स्थानीय नेताओं ने भी 'उग्र' आंदोलन की चेतावनी दी है.
लेकिन भाजपा नेता और केंद्रीय इस्पात मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर कहते हैं, "भिलाई इस्पात संयत्र ने भैंस के मांस के लिए निविदा निकाली है. अगर उसमें कुछ गड़बड़ी होगी तो उसकी जांच करवा ली जाएगी."
दूसरी तरफ, सेंट्रल ज़ू अथॉरिटी के वन्यप्राणी विशेषज्ञ डॉक्टर ब्रजकिशोर गुप्ता का दावा है कि चिड़ियाघर के जानवरों को क्या खिलाना है क्या नहीं, ये स्थानीय तौर पर तय होता है. हालांकि दिल्ली के चिड़ियाघर में सफेद गिद्ध या इंडियन स्टार टार्ट्वाइज़ को भी खाने में बीफ़ ही दिया जाता है.

इमेज स्रोत, alok putul
गुप्ता का कहना है, "बाघ या सिंह को मटन भी खिलाया जा सकता है और चिकन भी. नियम केवल इतना भर है कि उसे सही मात्रा में शुद्ध, पौष्टिक और अनुकूल भोजन दिया जाए."
इन सरकारी चिड़ियाघरों में बाघों को दिया जाता है बीफ़
- तिरुवनंतपुरम चिड़ियाघर
- सेपाहिजाला बायोलॉजिकल पार्क, त्रिपुरा
- डॉ. शिवराम कारंत बायोलॉजिकल पार्क, पिलिकुला, कर्नाटक
- नेहरू जुलॉजिकल पार्क, हैदराबाद
- भगवान बिरसा जुलॉजिकल गार्डन रांची
- जयपुर चिड़ियाघर
- आरजी जुलॉजिकल पार्क पुणे
- व्हीजेबी उद्यान मुंबई
स्रोत- सेंट्रल ज़ू अथॉरिटी और इंडियन वेटनरी रिसर्च इंस्टीट्यूट
<bold>(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए यहां <link type="page"><caption> क्लिक </caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link>करें. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक </caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link>और<link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)</bold>

























