फ़ेसबुक पर लाइव वीडियो में अपाहिज के साथ मारपीट, चार गिरफ़्तार

वीडियो का दृश्य
प्रकाशित

अमरीका के शिकागो शहर में फ़ेसबुक पर लाइव हुए एक वीडियो में एक आदमी की पिटाई करते हुए दिखाए जाने के बाद चार लोगों को गिरफ़्तार कर लिया गया है.

वीडियो में उस शख़्स के मुंह पर पट्टी बंधी हुई है और उसके हाथ पैर बांध दिए गए हैं.

पुलिस का कहना है कि वह आदमी अपाहिज है.

वीडियो में हमलावर नव निर्वाचित राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप और गोरे लोगों के बारे में अभद्र टिप्पणियां करते हुए सुने जा सकते हैं.

शिकागो पुलिस (फ़ाइल फ़ोटो)

वीडियो के एक हिस्से में हमलावर चाकू से उस शख़्स की चमड़ी उधेड़ने की कोशिश करते हुए भी दिखते हैं.

शिकागो के पुलिस सुपरिटेंडेंट एडी जॉनसन ने ट्विटर पर जारी एक प्रेस बयान में कहा, "आपको इस पर ताज्ज़ुब होगा कि कोई किसी आदमी के साथ इस तरह का बर्ताव कर सकता है."

वे आगे कहते हैं, "मैंने 28 साल तक पुलिस की नौकरी की और मैंने जो देखा है, वह आपने नहीं देखा होगा. फिर भी यह देख कर मुझे हैरानी होती है."

पुलिस का कहना है कि हमलावरों में एक आदमी उस निहत्थे व्यक्ति को जानता होगा. यह भी मुमिकन है कि हमले के 48 घंटे पहले उसका अपहरण कर लिया गया हो.

एडी जॉनसन, शिकागो के पुलिस सुपरिटेंडेंट
इमेज कैप्शन, एडी जॉनसन, शिकागो के पुलिस सुपरिटेंडेंट

आधे घंटे के इस वीडियो में दिखाया गया है कि 18 साल के उस आदमी के कपड़े फाड़ दिए गए, उसके ऊपर सिगरेट की राख डाल दी गई, उसके सिर को पैर से पीछे की ओर धकेल दिया गया और एक चाकू से उसके कुछ बाल साफ़ कर खून निकालने की कोशिश की गई.

वीडियो में यह भी दिख रहा है कि जिस समय उस इंसान पर हमला हो रहा था, कुछ लोग कहकहे लगा रहे थे और सिगरेट फूंक रहे थे.

पुलिस कमांडर केविन डफ़िन ने कहा कि इस बात की जांच की जाएगी कि क्या यह मामला घृणा से जुड़ा अपराध है.

पुलिस के मुताबिक़ यह वाकया मंगलवार को शिकागो शहर के वेस्ट साइड इलाक़े के एक फ़्लैट में हुआ था.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)