गांबिया: निर्वाचित राष्ट्रपति के बेटे की कुत्ते ने ली जान

इमेज स्रोत, AFP
गांबिया के निर्वाचित राष्ट्रपति आडमा बैरो के बेटे की मौत कुत्ते के काटने से हो गई है.
आठ साल के हबीबु बैरो की मौत अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही हो गई.
आडमा बेटे के कफ़न-दफ़न में शामिल नहीं हो पाए. वह सुरक्षा कारणों से सेनेगल में हैं.
आडमा ने पिछले साल राष्ट्रपति का चुनाव जीता था लेकिन याहया जामेह ने पद छोड़ने से इनकार कर दिया था.
गांबिया की क्षेत्रीय संस्था बॉडी इकोवास ने उनसे कहा है कि वह गुरुवार तक सेनेगल में ही रहें.
कहा जा रहा है कि याहया को पद से हटाने के लिए सैन्य हस्तक्षेप पर विचार किया जा रहा है. दूसरी तरफ याहया ने सुप्रीम कोर्ट में बैरो को रोकने के लिए याचिका दायर की है.

हालांकि सोमवार को सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायधीश ने मामले में किसी तरह का निर्देश देने से इनकार कर दिया है. ऐसे में बैरो के शपथग्रहण का रास्ता साफ़ हो गया है.
हज़ारों लोग डर से देश छोड़ रहे हैं. उन्होंने बीबीसी से कहा कि वे डरे हुए हैं.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)























