ईरान में इमारत गिरी, दर्जनों की मौत

इमेज स्रोत, EPA
ईरान की राजधानी तेहरान में एक बहुमंज़िला इमारत के आग लगने के बाद धराशाई हो जाने की दुर्घटना में अग्निशमन दल के कम से कम 25 कर्मचारी लापता हैं.
अधिकारियों का कहना है कि इन्हें मृत माना जा रहा है.
प्लास्को नाम की 17 मंजिला इमारत में लगी आग को क़रीब दो सौ कर्मचारी बुझाने में जुटे थे कि ये इमारत अचानक धराशाई हो गई
बचाव दल और खोजी कुत्ते हादसे में जीवित बचे लोगों की तलाश में जुटे हैं.
1962 में निर्मित यह इमारत एक समय तेहरान की सबसे ऊंची इमारत थी और इसमें शॉपिंग मॉल और कपड़े की दुकानें थीं.

इमेज स्रोत, EPA
अधिकारियों का कहना है कि इस इमारत में सुरक्षा खामियों को लेकर चेतावनी भी दी गई थी.
रिपोर्टों के मुताबिक आग स्थानीय समय के अनुसार सुबह आठ बजे नौंवी मंज़िल पर शुरू हुई थी.
जिस समय इमारत धराशाई हुई उस समय इसे ईरान के सरकारी टीवी पर लाइव दिखाया जा रहा था.

इमेज स्रोत, Reuters
अग्नीशमन दल के एक कर्मचारी ने समाचार एजेंसी एएफ़पी को बताया, "मैं भीतर था, अचानक इमारत हिलती हुई महसूस हुई, बाक़ी साथियों के इकट्ठा किया और हम बाहर निकल आए, इसके एक मिनट बाद ही इमारत गिर गई."
एक स्थानीय दुकानदार ने रॉयटर्स को बताया कि यह दृश्य किसी डरावनी फ़िल्म जैसा था.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)























