ऑस्ट्रेलिया में युवक ने सौ किलोमीटर पैदल चल जान बचाई

ऑस्ट्रेलिया की सड़क
प्रकाशित

ऑस्ट्रोलिया में कार दुर्घटना के बाद एक व्यक्ति ने सौ किलोमीटर पैदल चलकर अपनी जान बचाई.

अधिकारियों के मुताबिक 21 वर्षीय थॉमस मेसन बुधवार को एक दूरस्थ इलाक़े में जा रहे थे जब उनकी कार एक ऊंट से टकरा गई.

थॉमस इस हादसे में घायल नहीं हुए लेकिन वीरान इलाक़े में फंस गए. जहां वो हादसे का शिकार हुए वहां से नज़दीकी आबादी डेढ़ सौ किलोमीटर दूर थी.

वो दिन तक पैदल चलते रहे और अपना पेशाब पीकर शरीर में पानी की कमी को पूरा किया.

शुक्रवार को एक बचाव दल थॉमस को खोजने में कामयाब रहा. तब तक वो सौ किलोमीटर से अधिक दूरी पैदल तय कर चुके थे.

मेसन ने नाइन न्यूज़ को बताया, "मैं जानता था कि या तो मैं वहीं रूका रहंगा और मर जाउंगा या हाईवे पर पहुंच जाउंगा जहां कोई मुझे देख लेगा."

सड़क

अपना ही पेशाब पीना पड़ा...

"मैं ये सोच रहा था कि किसी को कब ये अहसास होगा कि मैं वापस नहीं लौट पा रहा हूं."

मेसन का कहना है कि उन्हें रास्ते में पानी का एक टैंक और बोतल मिली लेकिन पानी ख़त्म हो जाने के बाद उन्हें अपना ही पेशाब पीना पड़ा.

मेसन दक्षिण ऑस्ट्रेलिया के दूरस्थ इलाक़े में रहने वाले पीपलयतजारा समुदाय के यहां काम करके उत्तरी इलाक़े में एलिस स्प्रिंग्स की ओर लौट रहे थे, जब ये हादसा हो गया.

उनके परिजनों को जब पता चला कि वो एलिस स्प्रिग्स से डॉर्विन के लिए फ़्लाइट नहीं पकड़ पाएं हैं तो उन्होंने आपात सेवाओं को उनके ग़ायब होने के बारे में सूचना दी.

बाद में उन्हें यूलारा शहर से 37 किलोमीटर दूर एक छोटी सड़क पर पैदल चलते हुए खोज लिया गया.

पुलिस का कहना है कि मेसन का एक्सपोज़र और डीहाइड्रेशन के लिए इलाज किया गया.

पुलिस के मुताबिक इसके अलावा वो बिलकुल ठीक हैं.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)