दुनिया की सबसे वज़नी महिला एमान अहमद की मौत

इमेज स्रोत, DR LAKDAWALA
दुनिया की सबसे वज़नी माने जानी महिला एमान अहमद अब इस दुनिया में नहीं हैं.
अबु धाबी के बुर्जील अस्पताल के मुताबिक, एमान की सोमवार सुबह चार बजे दिल की बीमारी और किडनी इंफ्केशन से मौत हुई.
एमान का इलाज 20 डॉक्टरों की टीम कर रही थी. एमान का वजन 500 किलोग्राम था जिसका ऑपरेशन करवाने के लिए वो भारत भी आई थीं.

इमेज स्रोत, DR LAKDAWALA
जब भारतीय डॉक्टरों पर लगा झूठ बोलने का आरोप
एमान मिस्र की रहने वाली थीं. इस साल जनवरी में वो अपना वजन कम करवाने के लिए भारत भी आई थीं.
एमान का मुंबई के सेफ़ी अस्पताल में इलाज हुआ था. डॉक्टरों ने एमान के सफल ऑपरेशन का दावा किया था.
डॉक्टरों का कहना था कि ऑपरेशन से एमान का वज़न 500 से घटकर 250 किलो रह गया था. हालांकि एमान की बहन ने भारतीय डॉक्टरों पर झूठ बोलने का आरोप लगाया.
अस्पताल ने एमान की बहन के आरोपों को ख़ारिज किया था.
मुंबई में सर्जरी के बाद एमान को संयुक्त अरब अमीरात की राजधानी अबु धाबी ले जाया गया था. सर्जरी से पहले एमान के परिवार का कहना था कि वो 25 सालों से घर से बाहर नहीं निकली थीं.

इमेज स्रोत, Twitter
दुनिया की सबसे वज़नी महिला
एमान से पहले दुनिया की सबसे वज़नी महिला अमरीका की पॉलिन पॉटर को माना जाता था. पॉलिन का वजन 292 किलोग्राम था.
ये रिकॉर्ड 2010 में गिनीज़ बुक में भी दर्ज था.
एमान को भारत लाने में विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने मेडिकल वीज़ा दिलाने में मदद की थी.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉयड ऐप के लिए यहां क्लिक करें. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)























