अमरीकाः कॉर्पोरेट टैक्स में भारी छूट देने की तैयारी

इमेज स्रोत, Getty Images
अमरीका में रिपब्लिकन नेताओं ने देश के इतिहास में सबसे बड़े कर सुधार का खाका पेश किया है.
शीर्ष रिपब्लिकन नेताओं ने कर सुधारों की रूपरेखा सामने रखी है जिसमें कॉर्पोरेट क्षेत्र के लिए कर की दर को 35 से घटाकर 20 फ़ीसदी करने और कई अन्य प्रस्ताव भी शामिल किए गए हैं. हालांकि अभी विवरण नहीं दिया गया है.
बुधवार को रिपब्लिकन नेताओं ने एकजुटता दिखाते हुए कहा कि व्हाइट हाउस और कांग्रेस में जब तक उनका नियंत्रण है तब तक वो कर ढांचे में बदलाव कराएंगे.
टेक्सॉस के रिप्रेज़न्टेटिव केविन ब्रैडी ने कहा, "हम इस गति को बरक़रार रखने के लिए तैयार हैं और कर सुधार लाएंगे."

इमेज स्रोत, REUTERS
एक दशक में 2.2 ट्रिलियन डॉलर की छूट
डेमोक्रैट्स ने रिपब्लिकन प्रस्ताव को ख़ारिज कर दिया है, उनका कहना है कि इससे मध्यम वर्गीय परिवारों पर बोझ बढ़ेगा जबकि अमीरों के लिए इसमें राहत होगी.
डेमोक्रैट्स का कहना है कि कर दरों में कटौती से घाटा बढ़ेगा और स्वास्थ्य सेवाओं और सामाजिक सुरक्षा नीतियां ख़तरे में पड़ सकती हैं.
जबकि निष्पक्ष थिंक टैंक कमेटी फ़ॉर ए रिस्पॉन्सिबल फ़ेडरल बजट ने कहा है कि इन प्रस्तावों से एक दशक में टैक्स में 2.2 ट्रिलियन डॉलर की कटौती होगी.
ट्रंप प्रशासन का कहना है कि कर ढांचे की ख़ामियों को दूर करने से राजस्व में होने वाले घाटे को पूरा किया जा सकेगा, हालांकि रिपब्लिकन योजना में ये साफ़ नहीं है कि किन सुविधाओं में कटौती की जाएगी.
राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा है कि व्यापारियों के लिए कर दरों में कटौती से आर्थिक वृद्धि को बढ़ावा मिलेगा जिससे कर में कटौती की भरपाई की जा सकेगी.
लेकिन अर्थशास्त्रियों का कहना है कि आर्थिक वृद्धि, कर की दरों में कटौती को पाटने के लिए पर्याप्त नहीं होगी.
अर्थशास्त्री इससे अमरीका के वित्तीय घाटे के बढ़ने की आशंका जता रहे हैं, जो कि अब तक 20 ट्रिलियन डॉलर को पार कर चुका है.
कमेटी फ़ॉर ए रिस्पॉन्सिबल फ़ेडरल बजट ने कहा है, ''ये साफ़ है कि अभी इस कर सुधार को वित्तीय तौर पर ज़िम्मेदार बनाने के लिए बहुत काम किया जाना बाकी है. ''
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए यहां क्लिक करें. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)























