लास वेगास शूटिंग: चार सवाल जो अब भी पहेली हैं

स्टीफ़न पैडक
प्रकाशित

लास वेगास की उस डरावनी रात के बाद अब भी कई ऐसे अनसुलझे सवाल हैं, जिनके जवाब अमरीकी पुलिस साफ़-साफ़ नहीं दे पा रही है.

इस सवाल पर कोई रोशनी नहीं पड़ रही है कि किन हालात में हालिया अमरीकी इतिहास के सबसे बड़े नरसंहार में 58 लोग मारे गए और 500 से ज़्यादा घायल हुए.

रविवार की रात लास वेगास के एक होटल की 32वीं मंज़िल से लगातार 10 मिनट तक फ़ायरिंग करने वाले शख़्स स्टीफ़न पैडक के बारे में भी पहेलियां बरकरार हैं.

हालांकि अमरीकी सुरक्षा एजेंसियां घटना के फौरन बाद अपने काम पर जुट गईं लेकिन अब भी चार ऐसे अहम सवाल हैं जिनके जवाब मिलते नहीं दिख रहे हैं.

वीडियो कैप्शन, कौन थे स्टीफ़ेन पैडक - जुआरी या हत्यारे?

स्टीफ़न पैडक का मक़सद

64 साल के इस रिटायर्ड एकाउंटेंट के बारे में पुलिस रिकॉर्ड में ज़्यादा कुछ नहीं था सिवाय इसके कि कई बरस पहले उसे एक बार चेतावनी दी गई थी.

वो रिटायर्ड लोगों की एक छोटी सी कम्युनिटी में रहता था और 130 मील का सफर तय करके लास वेगास मन बहलाने के लिए जुआ खेलने जाता था.

ऐसा कोई सुराग नहीं मिला है जिससे ये लगे कि वो किसी अंतरराष्ट्रीय चरमपंथी संगठन के लिए सहानुभूति रखता हो.

पुलिस उसे अलोन वोल्फ़ कह रही है यानी वो शख्स जिसने इस पूरी घटना को अकेले अंजाम दिया हो.

स्टीफ़न के भाई एरिक का कहना है कि उन्हें पोकर खेलना, कंसर्ट्स में जाना और ब्रेड रोल खाना पसंद था.

वीडियो कैप्शन, लास वेगास: गोलियों की आवाज़ सुनते ही कुर्सी-मेजों के पीछे छुपे पीड़ित

पुलिस की जांच में ये बात सामने आई कि स्टीफ़न का बचपन मुश्किलों भरा रहा था, उनके पिता बैंक लुटेरे थे जो स्टीफ़न को अक्सर पीटा करते थे.

स्टीफ़न ने दो बार शादी की लेकिन उन्हें कोई बच्चा नहीं था.

ये सारी बातें स्टीफ़न पैडक की पहेली को और अनसुलझा बना देती हैं कि रविवार रात लाग वेगास के म्यूज़िक कॉन्सर्ट में शामिल हुए 22,000 लोगों को निशाना बनाने की आख़िर क्या वजह रही होगी.

अभी तक स्टीफ़न का लिखा कोई नोट या चिट्ठी बरामद नहीं हुआ है जिससे उसके मक़सद के बारे में कोई मालूमात हासिल हो सके.

जब तक लास वेगास की पुलिस होटल के उस कमरे में पहुंच पाती, स्टीफ़न ने खुद को गोली मार ली.

लास वेगास शूटिंग
इमेज कैप्शन, लास वेगास पुलिस के शेरिफ लोम्बार्डो

हथियारों के जखीरे की वजह

स्टीफ़न पैडक के होटल के कमरे से पुलिस ने अलग-अलग तरह के 23 हथियार बरामद किए. इनमें राइफल्स थे, शॉट गन्स थे.

यहां तक कि पैडक के पास टेलीस्कोप के अलावा एक एके-47 भी था.

स्टीफ़न के कमरे मे जिस पैमाने पर और जैसे हथियार बरामद हुए, उसे देखकर अधिकारियों ने कहा कि हमले को सोच-समझकर और योजना बनाकर अंजाम दिया गया.

लास वेगास के शेरिफ़ लोम्बार्डो ने कहा मुझे पूरा यकीन है कि हमला योजबद्ध तरीके से किया गया और स्टीफ़न ने जो कुछ भी किया, उन्हें इसके नतीज़े मालूम थे.

चीज़ें तब और ज़्यादा बिगड़ गईं जब पुलिस ने स्टीफ़न के घर से बड़ी मात्रा में हथियार और विस्फ़ोटक बरामद किए.

लास वेगास शूटिंग
इमेज कैप्शन, लोगों को अब तक ये जानकारी नहीं मिल पा रही है कि लास वेगास में हुई गोलीबारी का मक़सद क्या था

पुलिस ने स्टीफ़न की कार से काफी मात्रा में अमोनियम नाइट्रेट भी बरामद किया, देसी बम बनाने में इस केमिकल का इस्तेमाल किया जाता है.

ये सवाल पैदा होना लाज़िमी है कि अगर कोई शख़्स इतनी बड़ी मात्रा में हथियार और विस्फ़ोटक इकट्ठे कर रहा था तो किसी न किसी समय वो इसके इस्तेमाल का इरादा रखता होगा.

पुलिस की तफ्तीश में पैडक के कमरे में कई कैमरे लगे होने की बात सामने आई. इससे जाहिर होता है कि वो पुलिस के पहुंचने के बारे में पहले से जान लेना चाहता था.

एक और सवाल उठ रहा है कि लास वेगास के एक जाने माने होटल में पैडक इतनी बड़ी संख्या में हथियार लेकर कैसे अपने कमरे तक गया होगा. इनमें से कुछ बड़े गन भी थे.

अमरीकी क़ानून लोगों को हथियारों का जखीरा रखने की इजाजत देते हैं लेकिन सुरक्षा एजेंसियों को इसकी जरा सी भी भनक नहीं लगी कि स्टीफ़न इन हथियारों का करना क्या चाहता है.

लास वेगास शूटिंग
इमेज कैप्शन, उस इलाके की तस्वीर जहां स्टीफ़न पैडक ने अंधाधुंध गोलियां बरसाई थीं

सभी हथियार ऑटोमैटिक?

अमरीकी खुफ़िया एजेंसी एफबीआई ने पाया कि मंडलई बे होटल की 32वीं मंज़िल पर स्टीफ़न के कमरे से बरामद सभी हथियार ऑटोमैटिक नहीं थे.

इसलिए ये अंदाजा लगया जा रहा है कि पैडक ने कुछ सेमी-ऑटोमैटिक हथियारों की फ़ायरिंग पावर बढ़ाने के लिए उनमें कुछ बदलाव किए.

स्टीफ़न के कमरे से एक ऐसा डिवाइस बरामद हुआ है जो राइफ़ल की फ़ायरिंग क्षमता को कई गुणा बढ़ा देता है. इससे एक मिनट में कई सौ गोलियां दागी जा सकती थीं.

हालांकि इस बात की अभी पुष्टि नहीं हो पाई है कि स्टीफ़न ने उस डिवाइस का इस्तेमाल किया था या नहीं.

रविवार रात गोलियां की जो आवाज़ सुनाई दे रही थी, उससे भी ये लग रहा था कि कोई अंधाधुंध फ़ायरिंग कर रहा है.

एफ़बीआई की जानकारी के मुताबिक़ पैडक ने उसे पकड़ने आ रही पुलिस पर भी फ़ायरिंग की जिसमें एक पुलिसवाले की टांग में गोली लगी.

लास वेगास शूटिंग

एक लाख अमरीकी डॉलर किसको दिए?

स्टीफ़न पैडक वो शख़्स था जिसे पैसे की कोई दिक्कत नहीं थी. स्टीफ़न के भाई एरिक के अनुसार उन्होंने रिलय इस्टेट के निवेश में काफी पैसा बनाया था.

इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि वो लास वेगास जाकर जुए में बड़े दांव कैसे खेला करते थे.

शूटिंग के हफ़्ते भर पहले मंगलवार को स्टीफ़न ने फिलीपींस के एक बैंक एकाउंट में एक लाख अमरीकी डॉलर ट्रांसफ़र किए थे.

स्टीफ़न की गर्लफ़्रेंड बताई जा रही महिला फ़िलीपींस की ही हैं. हालांकि लास वेगास की घटना का उस महिला से कोई लिंक है या नहीं, अभी तक इसका कोई सुराग नहीं मिला है.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)