रूपाणी की सभा में मुसलमानों का जमावड़ा, लगे अल्लाह-हू-अकबर के नारे

द टाइम्स ऑफ़ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की गुजरात गौरव महासंपर्क यात्रा के दौरान खडिया-जमालपुर में बड़ी तादाद में मुसलमान रूपाणी की रैली में शामिल हुए. 62 प्रतिशत मुसलमान मतदाताओं वाली इस सीट पर रैली में अल्लाह-हू-अकबर और भारत माता की जय के नारे लगे. रिपोर्ट के मुताबिक मुख्यमंत्री को मुस्लिम इलाक़ों में हिंदू बहुल इलाक़ों से बेहतर प्रतिक्रिया मिली है.
अमर उजाला की एक रिपोर्ट के मुताबिक इलाहाबाद हाईकोर्ट ने अदालत परिसर में बनी मस्जिद को अवैध क़रार देते हुए कहा है कि हाई कोर्ट परिसर में किसी धार्मिक गतिविधि की अनुमति नहीं दी जा सकती है. अदालत ने वक़्फ़ बोर्ड को हाई कोर्ट की ज़मीन पर बनी मस्जिद को तीन महीने के भीतर हटाने के आदेश दिए हैं.

द टाइम्स ऑफ़ इंडिया में प्रकाशित एक रिपोर्ट के मुताबिक भारत में डॉक्टर मरीज़ों को सिर्फ़ दो मिनट देते हैं. मेडिकल जर्नल बीएमजे में प्रकाशित एक शोधपत्र में ये बात कही गई है. स्वीडन, अमरीका और नार्वे जैसे विकसित देशों में डॉक्टर एक मरीज़ को बीस मिनट तक का समय देते हैं. रिपोर्ट में कहा गया है कि इससे पता चलता है कि भारत जैसे देशों में डॉक्टर कितने दबाव में काम करते हैं.

इमेज स्रोत, RAVINDER SINGH ROBIN
द टाइम्स ऑफ़ इंडिया की एक रिपोर्ट के मुताबिक पाकिस्तान रैंजर्स का एक उच्च सदस्यी दल भारत के सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ़) से वार्ता के लिए दिल्ली पहुंचा है. 19 सदस्यीय पाकिस्तानी दल का नेतृत्व रैंजर्स के महानिदेशक (सिंध) मेजर जनरल मोहम्मद सईद कर रहे हैं. दोनों देशों के बीच तनाव के माहौल में ये अहम वार्ता हो रही है.



















