भूकंप के बाद ईरान में अब मौसम की मार

इमेज स्रोत, Getty Images
7.3 तीव्रता वाले भूकंप ने ईरान-इराक़ के सीमावर्ती गांवों में भारी तबाही मचाई है. कुछ ही पलों में बेघर हुए हज़ारों लोग खुले में सर्द रातें बिताने को मजबूर हैं.
12 नवंबर को स्थानीय समय के हिसाब से रात को 9 बजकर 18 मिनट पर आए इस भूकंप ने अब तक 440 लोगों की जान ले ली है और क़रीब 7000 लोग घायल हैं.
सबसे ज़्यादा नुक़सान ईरान के करमनशाह प्रांत में हुआ है जहां हज़ारों घर तबाह हो गए हैं.

इमेज स्रोत, Reuters
निजी घर बच गए, सरकारी इमारतें गिर गईं
इलाक़े का दौरा कर रहे राष्ट्रपति हसन रूहानी ने बताया कि निजी बिल्डरों के मुक़ाबले सरकारी घरों को ज़्यादा नुक़सान हुआ है और इन घरों को बनाने के लिए ज़िम्मेदार लोगों से जवाब तलब किया जाएगा.
सरपोल-ए-ज़हाब में बोलते हुए रूहानी ने पूछा ''इसके लिए किसे ज़िम्मेदार ठहराया जाए? हमारे इंजीनियरों को?''
इस्लामिक रिवॉल्यूशनरी गार्ड्स कॉर्प्स ((IRGC) के मेजर जनरल मोहम्मद अली जाफ़री ने सरकारी टीवी चैनल से बात करते हुए कहा कि ''नई बनी हुई इमारतें भूकंप झेल गईं लेकिन पुराने घर पूरी तरह तबाह हो गए.''

इमेज स्रोत, SHWAN MOHAMMED/AFP/Getty Images
मौसम की मार
अली जाफ़री के मुताबिक़ लोगों को तुरंत रहने के लिए टेंट और खाना-पानी मुहैया कराने की ज़रूरत है.
खुले में रहने को मजबूर लोगों पर मौसम की मार भी पड़ रही है. दो रोज़ से करमनशाह में रात का तापमान लगातार गिरता जा रहा है.

इमेज स्रोत, SHWAN MOHAMMED/AFP/Getty Images
बच्चों का बुरा हाल
कस्र-ए-शिरीन गांव में भूकंप से भारी नुक़सान हुआ है. 42 साल के अली गुलानी ने बीबीसी को बताया, ''हम लोग टेंट में रह रहे हैं. हमारे पास पूरा खाना और पानी नहीं है. आप बच्चों के रोने की आवाज़ सुन सकते हैं. बहुत ठंड पड़ रही है. बच्चे मां-बाप से चिपककर गर्म रहने की कोशिश कर रहे हैं, बुरा हाल है.''

इमेज स्रोत, Reuters
अब तक 200 झटके
अली गुलानी के मुताबिक़ भूकंप के बाद हर घंटे औसतन तीन बड़े झटके आ रहे थे जिनसे अफ़रातफ़री और बढ़ी.
इस भूकंप को दुनिया में इस साल आए सबसे तेज़ और ख़तरनाक भूकंपों में से एक माना जा रहा है. भूकंप के बाद भी तक़रीबन 200 झटके महसूस किए गए.

इमेज स्रोत, ILNA
12 हज़ार इमारतें ज़मींदोज़
ईरान की रेड क्रिसेंट सोसायटी की मंसूरी बघेरी ने बीबीसी को बताया कि क़रीब 12 हज़ार रिहायशी इमारतें ज़मींदोज़ हो गई हैं.
उनके मुताबिक़ बचाव का काम ख़त्म हो गया है. अब मदद पहुंचाने का काम चल रहा है.
अली गुलानी ने बताया कि उनके गांव के लोगों तक कोई मदद नहीं पहुंची है. गांव के लोग दूसरी तरफ़ बने एक टैंक से पानी लाने को मजबूर हैं.
ईरान के सरकारी टीवी ने भी कहा कि हज़ारों लोग दो रात से अस्थायी टैंटों या खुले में रह रहे हैं.

इमेज स्रोत, Reuters
मदद के लिए तैयार है संयुक्त राष्ट्र
सरपोल-ए-ज़हाब में सबसे ज़्यादा मौतें हुई हैं, वहां बेघर हुई एक महिला ने ख़बरिया एजेंसी रायटर्स से बात करते हुए कहा कि ''रात को बहुत सर्दी होती है... हमें मदद चाहिए. हमें हर चीज़ की ज़रूरत है. अधिकारियों को मदद पहुंचाने में तेज़ी दिखानी चाहिए.''
एक सहायता एजेंसी के मुताबिक़ 70 हज़ार लोग बेघर हुए हैं. संयुक्त राष्ट्र ने कहा कि अगर ज़रूरत पड़ी तो वह मदद के लिए तैयार है.

इमेज स्रोत, AFP/Getty Images
ईरान की सरकारी न्यूज़ एजेंसी के मुताबिक़ इस भूकंप के चलते मरने वालों में से 430 लोग ईरान के और 10 इराक़ के हैं.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)























