बुरकीना फ़ासो में चर्च पर हमला, 6 लोगों की हत्या

बुरकीना फ़ासो
प्रकाशित

पश्चिमी अफ़्रीका के देश बुरकीना फ़ासो में बंदूकधारियों ने एक चर्च पर हमला कर छह लोगों की हत्या कर दी.

अधिकारियों का कहना है कि उस समय चर्च में प्रार्थना चल रही थी. गोलीबारी में पादरी की भी मौत हो गई.

20 से 30 की संख्या में आए हमलावरों ने गोलीबारी के बाद चर्च को जला दिया.

डाब्लो शहर के मेयर आउसमेन झोंगो ने कहा कि हमलावरों ने स्वास्थ्य केंद्र को भी लूट लिया.

बुरकीना फ़ासो 2016 से इस्लामिक चरमपंथी हिंसा का शिकार रहा है और पिछले पांच सप्ताह में चर्च पर होने वाला ये तीसरा हमला है.

इस इलाके में सक्रिय लड़ाके अल क़ायदा, इस्लामिक स्टेट और स्थानीय चरमपंथी संगठन अंसारुल इस्लाम से जुड़े हुए हैं.

झोंगे ने समाचार एजेंसी एएफ़पी को बताया, "हथियारबंद हमलावर कैथोलिक चर्च में घुस गए. उन्होंने गोलीबारी शुरू कर दी और लोग अपनी जान बचाने के लिए भागने लगे."

उन्होंने कहा, "शहर में दहशत का माहौल है. लोग अपने घरों में बंद हैं. बाज़ार बंद हो गए हैं."

सुरक्षा बलों के सूत्रों ने एएफ़पी को बताया कि सुरक्षाकर्मियों को घटना स्थल पर भेजा गया है.

पिछले महीने हमलावरों ने सिलगाद्जी शहर के प्रोटेस्टेंट चर्च को निशाना बनाया था और कम से कम छह लोगों की हत्या कर दी थी.

अप्रैल के शुरू में डोरी कस्बे के पास गांव में स्थित एक कैथोलिक चर्च पर हमला हुआ था जिसमें चार लोग मारे गए थे.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)