ब्रिटेन के बर्मिंघम में हुए हमले में एक की मौत, सात घायल

फॉरेंसिक अफ़सर
प्रकाशित

ब्रिटेन के बर्मिंघम सिटी सेंटर में लोगों पर नुकीली चीज़ से हुए हमले में एक व्यक्ति की जान चली गई है और सात अन्य घायल हो गए हैं. पुलिस ने बताया है कि हमला करने वाले व्यक्ति ने दो घंटे तक लोगों पर हमला किया.

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक पहला हमला साढ़े बारह बजे कंस्टीट्यूशन हिल में किया गया और उसके बाद हत्यारा दक्षिण की ओर लोगों पर हमला करते हुए बढ़ गया.

वेस्ट मिडलैंड की पुलिस का कहना है कि इस हमले का कोई चरमपंथी या गैंग से जुड़ाव मालूम नहीं पड़ता. जो सात लोग घायल हुए हैं उनमें एक पुरुष और एक महिला गंभीर रूप से घायल है जबकि पांच अन्य के ज़ख्म जानलेवा नहीं हैं.

हालांकि स्थानीय पुलिस ने इसे 'मेजर इन्सिडेंट' यानी 'बड़ी वारदात' घोषित किया है.

क्या होता है 'मेजर इन्सिडेंट'

पुलिस

जब पुलिस किसी आपराधिक घटना को 'मेजर इन्सिटेंड' घोषित करती है तो इसका मतलब होता है कि या तो गंभीर नुक़सान हुआ है या फिर आम लोगों की सुरक्षा को ख़तरा है. इसके साथ ही पुलिस ज़रूरी इंतज़ाम करती है और आपातकालीन सेवाओं को अपने साथ काम करने के लिए बुलाती है.

पुलिस अधिकारी स्टीव ग्राहम ने कहा कि हमलावर ने ब्रितानी समयानुसार क़रीब 02:20 बजे लोगों को लाइवेरी स्ट्रीट, इरविंग स्ट्रीट और आखिर में हर्स्ट स्ट्रीट पर चाकू मारे.

उन्होंने कहा कि लोगों को आश्वस्त करने के लिए अधिकारी, जिनमें कुछ के पास हथियार भी हैं, वो सिटी सेंटर में हर जगह मौजूद हैं. स्टीव ग्राहम ने कहा कि आज तड़के हुई घटनाएँ दुखद, हैरान करने वाली और काफी भयावह हैं.

उनके मुताबिक़ ये बिना सोचे समझे किया गया हमला लगता है क्योंकि पीड़ितों में आपस में कोई संबंध नहीं मिला है.

पुलिस की घेराबंदी

"कृप्या आश्वस्त रहें कि हम ज़िम्मेदार की पहचान करने के लिए हर मुमकिन कोशिश कर रहे हैं और ये भी समझने की कोशिश कर रहे हैं कि वास्तव में क्या हुआ था. अगर किसी के पास कोई भी जानकारी है तो वो हमें हमारी वेबसाइट के लाइव चैट के ज़रिए या 101 पर कॉल कर संपर्क कर सकता है."

घटनास्थल पर मौजूद बीबीसी के निक क्लोएरो ने कहा कि घटनाएं बर्मिंघम के एक हिस्से में हुईं, जहां गे विलेज के नाम से जाना जाने वाला इलाक़ा चीनी क्वार्टर से मिलता है. यहां क्लब और बार हैं इसलिए ये हिस्सा आमतौर पर रात में व्यस्त रहता है.

साथ ही उन्होंने कहा, "ऐसा लगता है शुरू में लोगों के बड़े समूहों के बीच बड़ी लड़ाई हुई, लेकिन ज़ाहिर है कि एक वक़्त बाद चाकू निकाल लिए गए और मारे गए."

वेस्ट मिडलैंड्स पुलिस ने कहा है कि उसे रविवार आधी रात के क़रीब चाकू से हमला किए जाने की सूचना मिली थी.

'शांत मगर सतर्क रहें'

पुलिस की घेराबंदी

वेस्ट मिडलैंड्स पुलिस की ओर से जारी बयान में कहा गया है, "असल में क्या हुआ, यह पता लगाने का काम जारी है और इसमें समय लग सकता है. इसके बाद ही हम किसी बात की पुष्टि करने की स्थिति में होंगे."

"अभी शुरुआती चरण में इस घटना के कारणों को लेकर क़यास लगाना सही नहीं होगा. आपातकालीन सेवाओं के पास बड़ी वारदातों से निपटने का अनुभव मौजूद है. नाकेबंदी की कई है और कुछ सड़कें बंद रहेंगी."

बीबीसी संवाददाता साइमन जोन्स ने बताया कि लोगों को 'शांत मगर सतर्क' रहते हुए इस इलाक़े से दूर रहने के लिए कहा जा रहा है. पुलिस ने बर्मिंघम के केंद्र में गे विलेज नाम की जगह की घेराबंदी की है.

उन्होंने कहा कि कई लोग शनिवार शाम को घरों के बाहर बैठकर खा-पी रहे थे. कोरोना वायरस के कारण सड़कें पहले ही ट्रैफ़िक के लिए बंद कर दी गई थीं.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूबपर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)