हांगकांगः दो पोतों की टक्कर, चालक दल लापता

इमेज स्रोत, Reuters
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि दक्षिणी हांगकांग के तट के पास दो पोतों की टक्कर के बाद चालक दल के कम से कम 11 सदस्य लापता हैं.
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक़ इस दुर्घटना में एक मालवाहक जहाज़ और डिब्बों वाला मालवाहक जहाज़ शामिल था. सोमवार को तड़के पा ताई द्वीप के समीप यह दुर्घटना हुई.
मालवाहक जहाज के बारे में आशंका है कि यह इस पर सवार चालक दल के 12 सदस्यों समेत डूब गया. एक व्यक्ति को मछली पकड़ने वाली नौका के जरिए सुरक्षित बचा लिया गया.
अभी चीनी अधिकारी खोज और बचाव अभियान चला रहे हैं.
'साउथ चाइना मार्निंग पोस्ट' अख़बार के मुताबिक़ यह मिशन 'ग्वांगडूंग मैरीटाइम रेस्क्यू कोआर्डिनेशन सेंटर' की तरफ़ से चलाया जा रहा था और हांगकांग ने भी बचाव नौका और एक हेलीकॉप्टर उस क्षेत्र में भेजे हैं.
दुनिया का व्यस्ततम बंदरगाह
एक पुलिस अधिकारी ने समाचार एजेंसी एफ़पी को बताया कि चालक दल के बचाए गए सदस्य को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, उसे हल्की चोट लगी है.
इस क्षेत्र में मौजूद बीबीसी संवाददाता जूलियाना लियु का कहना है कि हांगकांग दुनिया के व्यस्ततम बंदरगाहों में से एक है और यह तुलनात्मक रूप से ज़्यादा सुरक्षिता माना जाता है.
उनके मुताबिक़ सैकड़ों पोत और यात्री नौकाओं से लेकर डिब्बे वाले पोत इस क्षेत्र से रोज़ाना गुजरते हैं.
पिछले साल हाई लिंग चाउ द्वीप के समीप एक तेज़ रफ़्तार नौका 'किसी अपरिचित चीज़' से टकरा गई जिससे लगभग 85 लोग घायल हो गए थे. हांगकांग से मकाउ जाने वाली उस नौका में 105 यात्री और चालक दल के 10 सदस्य सवार थे.
साल 2012 में छोटी नौका और तेज़ रफ़्तार पोत की लामा द्वीप के पास हुई टक्कर में करीब 39 लोगों की मौत हो गई थी. यह दशक की सबसे भीषण दुर्घटना मानी जाती है.
दोनों नौकाओं के कप्तानों पर नरहत्या के आरोप लगे थे.
<italic><bold>(बीबीसी हिंदी का एंड्रॉयड मोबाइल ऐप डाउनलोड करने के लिए <link type="page"><caption> यहां क्लिक</caption><url href="http://www.bbc.co.uk/hindi/multimedia/2013/03/130311_bbc_hindi_android_app_pn.shtml" platform="highweb"/></link> करें. आप ख़बरें पढ़ने और अपनी राय देने के लिए हमारे <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> पन्ने पर भी आ सकते हैं और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)</bold></italic>

























