बग़दादी को लेकर विरोधाभासी रिपोर्टें

प्रकाशित

चरमपंथी गुट और आईएस के नेता अबू बकर अल बग़दादी के बारे में विरोधाभासी ख़बरें मिली रही हैं.

इराक़ के आंतरिक मामलों के मंत्रालय के प्रवक्ता ने बीबीसी से कहा है कि बग़दादी मार्च में हुए हुए हमले में गंभीर रूप से घायल हो गए थे. लेकिन उन्होंने इससे ज़्यादा जानकारी नहीं दी.

प्रवक्ता ने ये नहीं बताया कि किस देश ने ये हमला किया था, बस इतना ही कहा कि ये गठबंधन सेना का हमला था.

अमरीका के नेतृत्व में इराक़ और सीरिया में आईएस के ठिकानों पर कई महीनों से हमले किए जा रहे हैं.

घायल होने की ख़बरें

वहीं ब्रितानी अख़बार गार्डियन ने एक पश्चिमी कूटनयिक और एक इराक़ी सलाहकार का हवाला देते हुए कहा है कि ये हमला पश्चिमी इराक़ में हुआ है जो सीरियाई सीमा के पास है.

अख़बार के मुताबिक सलाहकार हिशम अल हाशिमी ने कहा कि बग़दादी 18 मार्च को अल बाज इलाक़े में घायल हुए.

गार्डियन ने छापा है कि तीन कारों वाले काफ़िले में तीन आईएस नेताओं को निशाना बनाया गया था और उस समय अधिकारियों को ये नहीं पता था कि गाड़ी में बग़दादी भी हैं.

पेंटगन ने कहा जानकारी नहीं

उधर पेंटागन का कहना है कि उसे ब़ग़दादी की हालत के बारे में कोई जानकारी नहीं है. पेंटगन प्रवक्ता कर्नल स्टीव वॉरन ने पत्रकारों को बताया कि अमरीकी सेना को इस बारे में कुछ पता नहीं है.

बाद में कर्नल बग़दादी ने डेली बीस्ट अख़बार को बताया कि उनके पास ये मानने का कोई कारण नहीं है कि हमले में घायल व्यक्ति बग़दादी ही है.

पिछले साल भी ब़गदादी के घायल होने की ख़़बरें आई थीं लेकिन वो ग़लत साबित हुई थीं.

आईएस नेता अबू बकर अल बग़दादी ने अपने बारे में बहुत कम जानकारी उजागर की है. कहा जाता है कि उनके लड़ाकों ने भी उन्हें सामने से नहीं देखा है.

जब वो अपने कमांडरों से बात करते हैं तो वे मास्क पहने रहते हैं. इसलिए उन्हें कई बार इनविज़िबल शेख यानी अदृश्य शेख भी कहा जाता है.