यूनुस ख़ान ने लगाया टेस्ट मैचों का शतक

इमेज स्रोत, AP
पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच दूसरा टेस्ट मैच कोलंबो में खेला जा रहा है. यह पाकिस्तानी बल्लेबाज़ यूनुस ख़ान के करिअर का सौंवा टेस्ट मैच है.
पाकिस्तान क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (पीसीबी) ने ट्विट कर कहा है, "यूनुस के लिए आज अहम दिन हैं. वो अपना सौवां टेस्ट मैच खेल रहे हैं. ऐसा करने वाले वो पांचवे पाकिस्तानी खिलाड़ी हैं."
यूनुस ख़ान के अलावा पाकिस्तान से जावेद मिंयादाद (124), सलीम मलिक (103), वसीम अकरम (104) और इंजमाम उल हक़ (120) ने सौ या उससे अधिक टेस्ट मैच खेले हैं.
करियर की शुरुआत

इमेज स्रोत, AFP
ख़ैबर पख्तुनख़्वाह के नाम से मशहूर नार्थ वेस्ट फ्रंटियर प्राविंस में 29 नवंबर 1977 को पैदा हुए यूनुस ख़ान ने अपने टेस्ट करिअर की शुरूआत रावलपिंडी में श्रीलंका के खिलाफ 26 मार्च से खेले गए टेस्ट मैच से की थी.
मध्यक्रम में खेलने वाले दाएं हाथ के बल्लेबाज़ यूनुस ख़ान ने 25 जून 2015 से पहले खेले 99 टेस्ट मैचों में 53.71 के औसत से कुल 8594 रन बनाए हैं. इसमें 29 शतक और उतने ही अर्धशतक शामिल हैं.
उनका उच्चतम स्कोर 313 रन का है, जिसे उन्होंने 21 फरवरी 2009 से कराची में खेले गए मैच की दूसरी पारी में बनाया था. इस पारी में उन्होंने 27 चौके और चार छक्के बनाए थे.
यूनुस ने अबतक 264 वनडे मैच खेले है, जिसमें उन्होंने 31.34 की औसत से 7240 रन बनाए हैं. वनडे मैचों में उनका सर्वोच्च स्कोर 144 रन का है. वनडे मैचों में यूनुस ने सात शतक और 48 अर्धशतक बनाए हैं.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए <link type="page"><caption> यहां</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi " platform="highweb"/></link> क्लिक करें. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi " platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href=" https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं. )


























