बम धमाके के 'नाटक' के लिए माफ़ी मांगी

थाई बम
इमेज कैप्शन, ट्विटर यूज़र boyofheaven ने इस नाटक की तस्वीरें पोस्ट कीं
प्रकाशित

बैंकॉक के इरावान मंदिर में बम धमाके का नाट्य रूपांतरण करने के लिए एक थाई टीवी ने माफी मांगी है.

चैनल ने अपने ही कर्मचारी को इस हादसे के प्रमुख संदिग्ध की वेशभूषा में वहां छोड़ दिया था.

गुरुवार शाम इस पूरी घटना के नाटक के बाद मंदिर में आए लोगों की नाराज़गी भड़ गई.

सोशल मीडिया पर भी लोगों ने इस पर अपना गुस्सा ज़ाहिर किया.

उसके बाद नेशन टीवी नाम के इस चैनल के प्रबंधकों ने माना कि ये पूरी घटना विस्फोट में मारे गए लोगों के लिए असंवेदनशील और अशिष्ट थी.

सोमवार शाम हुए इस बम धमाके में 20 लोग मारे गए थे और दर्ज़नों घायल हुए थे.

गुरुवार रात को नेशन टीवी की प्रेज़ेंटर ने टीवी पर चैनल की तरफ से माफीनामा पढ़ा.

थाईलैंड
इमेज कैप्शन, धमाके से पहले मंदिर के सीसीटीवी फुटेज में वह शख्स दिख रहा है जो पुलिस के मुताबिक इस घटना का मुख्य संदिग्ध है

स्टेशन के एक न्यूज़ एडिटर ने ऑनलाइन जारी किए गए एक वक्तव्य में कहा कि गुरुवार को स्थानीय समय के अनुसार शाम 6 बजे इस पूरी घटना का नाटक करने के लिए एक दल को इरावान मंदिर भेजा गया.

दल के एक सदस्य को ऐसी पोशाक पहनाई गई थी ताकि वो संदिग्ध जैसा दिखे.

लेकिन जब आसपास लोगों ने इस पर गुस्सा ज़ाहिर किया तो दल ने फिल्मिंग को बंद कर दिया.

थाईलैंड
इमेज कैप्शन, नेशन टीवी के मुताबिक स्टाफ के एक कर्मचारी को संदिग्ध जैसा दिखने के लिए तैयार किया गया था.

समाचार एजेंसी एसोसिएटेड प्रेस के मुताबिक, नेशनल ब्रॉडकास्टिंग कॉरपोरेशन के अध्यक्ष आदिसक लिंप्रुंगपतनकिज ने कहा कि इस मंचन की योजना बनाते वक्त जनता की भावनाओं और मृतकों के लिए सम्मान का कतई ध्यान नहीं रखा गया.

उन्होंने कहा कि इस घटना के लिए ज़िम्मेदार लोगों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई करने पर स्टेशन गौर करेगा.

एक ट्विटर यूज़र BoyOfHeaven ने गुरुवार शाम को ही ट्विटर पर इस नाटक की तस्वीर पोस्ट की.

अपने ट्वीट में उन्होंने लिखा, "एक अज्ञात टीवी क्रू है. उन्होंने एक शख्स को संदिग्ध जैसे तैयार किया है. पुलिस ने उनसे कहा है कि वो मंदिर से चले जाएं. आसपास के लोग चीख कर कह रहे हैं कि ऐसा करना बहुत भयानक है."

बाद में इस ट्वीट को हज़ारों बार शेयर किया गया.

ग़लत शिनाख्त

थाईलैंड
इमेज कैप्शन, अभिनेता सनी बर्न्स ने पुलिस स्टेशन से अपनी ये तस्वीर ऑनलाइन पोस्ट की

बम धमाके के बाद संदिग्ध की शिनाख्त को लेकर ये दूसरा विवाद हुआ.

बैंकॉक में अंग्रेज़ी पढ़ाने वाले ऑस्ट्रेलियाई अभिनेता सनी बर्न्स को भी गलती से धमाके का संदिग्ध समझ लिया गया था.

सनी बर्न्स को बाद में पता चला कि उनके घर का पता समेत निजी जीवन के तमाम ब्योरे ऑनलाइन फैल गए हैं.

मंगलवार को पुलिस स्टेशन जाकर उन्होंने अपना बयान दर्ज़ करवाया.

बाद में उन्होंने सीसीटीवी की तस्वीरों को भी ये साबित करने के लिए पोस्ट किया कि धमाके के वक्त वो अपने घर पर ही थे.

थाईलैंड
इमेज कैप्शन, थाई पुलिस द्वारा जारी संदिग्ध का स्केच

थाई पुलिस ने इस विस्फोट के संदिग्ध का एक स्केच जारी किया है. पुलिस का कहना है कि संदिग्ध एक विदेशी है.

इससे पहले भी दो लोगों की बतौर संदिग्ध शिनाख्त की गई थी. बाद में उन्हें छोड़ दिया गया.

<bold>(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए यहां <link type="page"><caption> क्लिक</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> करें. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)</bold>