'हमले का मंसूबा अफ़ग़ानिस्तान में बना और ...'

हमला शुक्रवार की सुबह छह बजे के आसपास हुआ. निशाना एयरबेस में मौजूद एक मस्जिद थी.
इमेज कैप्शन, हमला शुक्रवार की सुबह छह बजे के आसपास हुआ. निशाना एयरबेस में मौजूद एक मस्जिद थी.
प्रकाशित

पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता ने कहा है कि पेशावर सैनिक एयरबेस पर हमले की योजना अफ़ग़ानिस्तान में बनी थी और चरमपंथी भी वहीं से आए थे.

शुक्रवार सुबह कैंप के अंदर मौजूद एक मस्जिद पर हमला किया गया था जिसमें 26 फौजियों समेत कुल 43 लोगों की मौत हो गई थी.

कार्रवाई ख़त्म होने के कुछ घंटे बाद शुक्रवार शाम एक प्रेसवार्ता में मेजर जनरल असीम बाजवा ने ये भी कहा कि हमले को अफ़ग़ानिस्तान से ही नियंत्रित किया गया था.

'बातचीत से पता चला .. '

हमले में कुल 43 लोगों की मौत हुई जिसमें सेना के 26 लोग शामिल थे.
इमेज कैप्शन, हमले में कुल 43 लोगों की मौत हुई जिसमें सेना के 26 लोग शामिल थे.

उन्होंने कहा कि हमले में वायुसेना के 23 और थलसेना के तीन कर्मियों की मौत हो गई. चार दूसरे लोग भी हमले का शिकार हुए जो वायुसेना में नागरिक पदों पर काम करते थे.

बाजवा ने कहा, "कार्रवाई के दौरान ख़ुफिया एजेंसियों ने हमलावरों की जो बातें सुनी उससे यह साबित होता है कि उनका संबंध तहरीके तालिबान पाकिस्तान के एक समूह से था और वो सभी अफ़ग़ानिस्तान से आए थे."

चंद साल पहले मुंबई में हुए हमलों को लेकर भारत कुछ इसी तरह के दावे करता रहा है.

भारत कहता है कि मुंबई शहर पर हुए हमले की योजना पाकिस्तान में तैयार हुई थी और उसे कंट्रोल भी वहीं से किया गया था.

हमलावरों की संख्या पर दावे को लेकर किए गए एक सवाल के जवाब में बाजवा ने कहा कि जितने भी चरमपंथी कैंप में दाख़िल हुए थे उन्हें मार दिया गया है. और उनके शव वहां मौजूद हैं.

उन्होंने कहा कि हमलावर मिलिशिया की वर्दियां पहने थे और उनके पास रॉकेट लांचर भी थे.

<bold>(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए <link type="page"><caption> यहां क्लिक</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> करें. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)</bold>