हूती विद्रोहियों का सऊदी अरब की रास तनूरा तेल रिफ़ाइनरी पर बैलिस्टिक मिसाइल से हमला करने का दावा

हूती प्रवक्ता याह्या सरी ने एक्स पर जारी बयान में कहा कि उनकी सेना ने सऊदी अरब के पूर्वी प्रांत में स्थित तेल रिफ़ाइनरी की ओर बैलिस्टिक मिसाइल दागी.

लाइव कवरेज

दीपक मंडल, अरशद मिसाल

  1. अब इस लाइव ब्लॉग को विराम देने का वक़्त आ गया है. मुझे यानी बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल को दीजिए इजाज़त.

    कल एक नए लाइव ब्लॉग के साथ हम फिर हाज़िर होंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें.-

  2. हूती विद्रोहियों का सऊदी अरब की रास तनूरा तेल रिफ़ाइनरी पर बैलिस्टिक मिसाइल से हमला करने का दावा

    रास तनूरा तेल रिफ़ाइनरी
    इमेज कैप्शन, रास तनूरा तेल रिफ़ाइनरी (सांकेतिक तस्वीर)

    न्यूज़ एजेंसी अनादोलु और रॉयटर्स के मुताबिक, यमन के हूती विद्रोहियों ने मंगलवार को दावा किया कि उन्होंने सऊदी अरब के पूर्वी क्षेत्र में स्थित रास तनूरा तेल रिफ़ाइनरी को बैलिस्टिक मिसाइल से निशाना बनाया है.

    हूती प्रवक्ता याह्या सरी ने एक्स पर जारी बयान में कहा कि उनकी सेना ने सऊदी अरब के पूर्वी प्रांत में स्थित तेल रिफ़ाइनरी की ओर बैलिस्टिक मिसाइल दागी.

    याह्या सरी ने दावा किया कि मिसाइल अपने लक्ष्य पर लगी और वहां बड़े पैमाने पर आग लग गई.

    सऊदी अधिकारियों की ओर से इस दावे पर तुरंत कोई टिप्पणी नहीं आई.

    इससे पहले मंगलवार को सऊदी अरब के नागरिक सुरक्षा विभाग ने नज़रान, अबहा और ख़मीस मुशैत में संभावित ख़तरे को देखते हुए शुरुआती चेतावनी जारी की थी. बाद में अधिकारियों ने कहा कि ख़तरा टल गया है, हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया कि ख़तरा किस तरह का था.

    यह घटनाक्रम हूती लड़ाकों और यमन की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त सरकार का समर्थन करने वाले सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन के बीच जारी सैन्य तनाव के दौरान सामने आया है.

    इससे पहले सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन ने कहा था कि उसने सऊदी अरब की ओर दागे गए हूती विद्रोहियों के चार ड्रोन और तीन बैलिस्टिक मिसाइलों को रोक दिया.

    जुलाई से हूती लड़ाकों ने सऊदी अरब पर हमले तेज़ किए हैं. अक्तूबर के दौरान देश के नागरिक हवाई अड्डों, तेल ठिकानों और सैन्य ठिकानों को मिसाइलों और ड्रोन से निशाना बनाए जाने की घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है.

    सऊदी अरब मार्च 2015 से यमन की सरकार के समर्थन में हूती लड़ाकों के ख़िलाफ़ सैन्य गठबंधन का नेतृत्व कर रहा है. हूती विद्रोहियों पर ईरान का समर्थन हासिल होने का आरोप है. यह समूह सितंबर 2014 से राजधानी सना समेत यमन के कई इलाक़ों पर नियंत्रण रखता है.

  3. जामिया के बाहर धारा 163 लगाने पर सीजेपी के आशुतोष रांका ने कहा, 'शर्मनाक दौर चल रहा है'

    आशुतोष रांका
    इमेज कैप्शन, सीजेपी के सह संयोजक आशुतोष रांका (फ़ाइल फ़ोटो)

    कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के सह संयोजक आशुतोष रांका ने एक्स पर पोस्ट कर जामिया मिल्लिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी के बाहर बीएनएसएस की धारा 163 लागू करने की आलोचना की.

    उन्होंने एक्स पर लिखा, "पहले नई दिल्ली और अब जामिया. केंद्र सरकार ने हर समस्या का एक ही समाधान ढूंढ लिया है, बीएनएस की धारा 163. शर्मनाक दौर चल रहा है"

    जामिया में पिछले 16 दिनों से छात्र संघ की मांग को लेकर प्रदर्शन चल रहा है. अभी भी दो छात्र कैंपस के अंदर भूख हड़ताल पर बैठे हुए हैं. जामिया प्रशासन ने क्लासेज़ ऑनलाइन कर दी है. और कैंपस में स्टूडेंट्स के एंट्री पर रोक लगा दी है.

    मौके पर मौजूद बीबीसी संवाददाता शुभ राणा ने बताया कि जामिया में बीएनएसएस की धारा 163 लागू कर दी गई है. कल के मुकाबले आज सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी है."

    शुभ के मुताबिक, गेट नंबर 12 समेत कुछ गेटों को वेल्डिंग करके बंद किया जा रहा है. वहीं कैंपस के पास, 10-15 से ज़्यादा डिटेंशन बसें तैनात की गई हैं.

    शिक्षा मंत्री ने जामिया प्रदर्शन पर क्या कहा

    प्रल्हाद जोशी
    इमेज कैप्शन, केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रल्हाद जोशी(फ़ाइल फ़ोटो)

    वहीं प्रदर्शन के 16वें दिन केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रल्हाद जोशी ने भी प्रतिक्रिया दी.

    उन्होंने कहा कि जामिया मिल्लिया इस्लामिया में प्रदर्शन कर रहे स्टूडेंट्स के साथ बातचीत चल रही है और किसी को भी कैंपस में क़ानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश नहीं करनी चाहिए.

    जोशी ने यहां सीबीएसई एक्सपीरियंस सेंटर के उद्घाटन के मौके पर पत्रकारों से कहा, "कई कोशिशें की गई हैं और एक दशक से भी ज़्यादा समय से ये चुनाव नहीं हुए हैं."

    "बातचीत चल रही है. मैं सिर्फ़ यही अपील कर सकता हूं कि कोई भी क़ानून-व्यवस्था की समस्या पैदा करने की कोशिश न करे. स्टूडेंट्स जो भी मुद्दे या चिंताएं उठा रहे हैं, उन पर विचार करने के लिए एक समिति है, जो इन मामलों को देख रही है."

    विश्वविद्यालय की ओर से छात्र संघ के संविधान को मंज़ूरी मिलने के 15 दिनों के भीतर चुनाव कराने के फ़ैसले के बावजूद स्टूडेंट्स ने प्रदर्शन ख़त्म करने से इनकार कर दिया है.

    स्टूडेंट्स छात्र संघ चुनाव की तरीख तय करने की मांग कर रहे हैं. साथ ही यूनिवर्सिटी के चीफ़ प्रॉक्टर और सिक्योरिटी एडवाइज़र का इस्तीफ़ा भी चाहते हैं.

  4. कर्नाटक में एसआईआर के बाद 72 लाख मतदाता घटे, एक 'पाकिस्तानी नागरिक' भी मिला, इमरान क़ुरैशी, बेंगलुरु से बीबीसी हिन्दी के लिए

    वोटिंग के लिए लाइन में लगे लोग
    इमेज कैप्शन, एसआईआर के बाद राज्य में मतदाताओं की कुल संख्या 5 करोड़ 54 लाख 32 हज़ार 314 से घटकर 4 करोड़ 55 लाख 11 रह गई है (सांकेतिक तस्वीर)

    कर्नाटक में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 72 लाख मतदाता घट गए हैं. इस प्रक्रिया को लेकर विवाद भी हुआ था.

    एसआईआर के बाद राज्य में मतदाताओं की कुल संख्या 5 करोड़ 54 लाख 32 हज़ार 314 से घटकर 4 करोड़ 55 लाख 11 रह गई है.

    महिला मतदाताओं की संख्या 2 करोड़ 29 लाख 12 हज़ार 355 रही, जो पुरुष मतदाताओं से 3 लाख 30 हज़ार 956 अधिक है. पुरुष मतदाताओं की संख्या 2 करोड़ 25 लाख 83 हज़ार 107 रही, जबकि अन्य श्रेणी के मतदाताओं की संख्या 2 हज़ार 841 है.

    कर्नाटक के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) वी. अंबुकुमार ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "मतदाता सूची को अपडेट करना एक लगातार चलने वाली प्रक्रिया है. 18 साल की उम्र पूरी कर चुका कोई भी व्यक्ति मतदाता के तौर पर अपना नाम दर्ज कराने के लिए फॉर्म 6 भरकर आवेदन कर सकता है. अगर कोई व्यक्ति दूसरी जगह मतदाता के तौर पर दर्ज है या नए पते पर चला गया है, तो नाम हटाने के लिए फॉर्म 7 भरा जा सकता है. नाम में सुधार आदि के लिए फॉर्म 8 भरा जा सकता है."

    मतदाता सूची के इस बड़े पुनरीक्षण की प्रक्रिया 16 जून को शुरू हुई थी. इसके तहत 5.54 करोड़ फॉर्म बांटे गए थे.

    जिन मतदाताओं को अनुपस्थित, स्थायी रूप से दूसरी जगह जा चुके, मृत, दो जगह नाम वाले और अन्य श्रेणियों में रखा गया था और जिनके नाम सूची में शामिल नहीं थे, उनकी कुल संख्या 1 करोड़ 7 लाख 96 हज़ार 339 थी.

    इन 1.07 करोड़ लोगों में से 65 लाख 45 हज़ार 679 को दूसरी जगह जा चुका बताया गया था. वहीं, 19 लाख 926 मतदाता अनुपस्थित थे, 16 लाख 39 हज़ार 864 को मृत बताया गया था और 7 लाख 9 हज़ार 870 के नाम मतदाता सूची में दो बार दर्ज थे.

    हालांकि, 24 अगस्त के बाद शुरू हुई दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की प्रक्रिया के दौरान निर्वाचन अधिकारियों ने 10 लाख 8 हज़ार 38 नए मतदाताओं के नाम जोड़ने की पुष्टि की. इससे इन श्रेणियों में रखे गए 1.07 करोड़ लोगों की संख्या घटकर करीब 98 लाख रह गई.

    वेरिफिकेशन प्रोसेस में करीब 16 लाख लोगों को मृत, सात लाख को दो जगह वोटर लिस्ट में नाम वाला पाया गया, जबकि अन्य श्रेणी में करीब तीन लाख लोग थे.

    अंबुकुमार ने कहा, "कुल मिलाकर, मतदाता सूची से हटाए गए लोगों की संख्या घटकर करीब 72 लाख रह गई है."

    सामान्य मतदाताओं में 18 से 19 साल की उम्र के मतदाताओं की संख्या 6 लाख 83 हज़ार 364 रही. इनमें 3 लाख 64 हज़ार 551 पुरुष और 3 लाख 18 हज़ार 795 महिलाएं थीं.

    20 से 29 साल की उम्र के मतदाताओं की संख्या 86 लाख 56 हज़ार 836 रही. इस आयु वर्ग में भी पुरुष मतदाताओं की संख्या महिलाओं से अधिक थी. पुरुष मतदाताओं की संख्या 45 लाख 8 हज़ार 240 और महिला मतदाताओं की संख्या 41 लाख 47 हज़ार 863 थी.

    राज्य में सबसे ज़्यादा मतदाता 30 से 39 साल के आयु वर्ग में हैं. इस वर्ग में कुल एक करोड़ 2 लाख 57 हज़ार 680 मतदाता हैं. यहां पुरुष मतदाताओं की संख्या महिलाओं से करीब 35 लाख अधिक रही.

    40 से 49 साल के आयु वर्ग में कुल 94 लाख 17 हज़ार 853 मतदाता थे. इस वर्ग में महिलाओं की संख्या पुरुषों से अधिक रही. इसके बाद 50 से 59 साल के आयु वर्ग का नंबर आता है, जिसमें कुल 76 लाख 15 हज़ार 826 मतदाता हैं. इस आयु वर्ग में भी महिलाओं की संख्या पुरुषों से करीब दो लाख अधिक रही.

    85 साल या उससे अधिक उम्र के मतदाताओं की संख्या 3 लाख 92 हज़ार 134 थी. इनमें 2 लाख 29 हज़ार 609 महिलाएं और 1 लाख 62 हज़ार 522 पुरुष थे.

    एक अधिकारी के मुताबिक, मतदाताओं की गणना के दौरान यूरोप, कनाडा और अमेरिका समेत कई देशों से संबंध रखने वाले करीब एक हज़ार मतदाताओं की पहचान हुई. इनमें एक पाकिस्तानी नागरिक भी था.

    हालांकि, इनमें से ज़्यादातर भारतीय मूल के लोग थे, जिन्होंने इन देशों की नागरिकता ले ली थी, लेकिन अपने परिवारों के साथ कर्नाटक में बस गए थे.

  5. पीएम मोदी बोले- हमारा लक्ष्य दुनिया की चुनौतियों का समाधान देने की क्षमता हासिल करना

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
    इमेज कैप्शन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (फ़ाइल फ़ोटो)

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित इमर्जिंग साइंस, टेक्नोलॉजी एंड इनोवेशन कॉन्क्लेव 2026 का उद्घाटन किया.

    कॉन्क्लेव को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "दशकों पहले भारत के लिए विज्ञान और तकनीक का मतलब मुख्य रूप से दुनिया के साथ कदम मिलाकर चलना था."

    उन्होंने कहा कि दुनिया में कहीं कोई नया आविष्कार होता था, तो उसे भारत पहुंचने में कई साल लग जाते थे. फिर हम या तो उसे अपना लेते थे या उसमें कुछ छोटे-मोटे सुधार कर लेते थे.

    प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "आज 21वीं सदी का भारत नई सोच और नए आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है. अब हमारा लक्ष्य नई तकनीकें विकसित करना, उनकी दिशा तय करना और दुनिया की चुनौतियों का समाधान देने की क्षमता हासिल करना है."

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत को भविष्य की तकनीकों को अपनाना होगा, नए प्रयोग करने होंगे और इन तकनीकों को विकसित करने में दुनिया का नेतृत्व करना होगा.

    उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए बड़ी मात्रा में परमाणु ऊर्जा की ज़रूरत होगी.

    इसके अलावा प्रधानमंत्री ने स्पेस सेक्टर में हासिल की गई नई उपलब्धियों के बारे में भी बात की.

    प्रधानमंत्री ने कहा, "भारत के स्पेस स्टार्टअप ने मेड इन इंडिया रॉकेट से पहली ही कोशिश में सैटेलाइट को ऑर्बिट में स्थापित किया."

    प्रधानमंत्री ने कोविड-19 महामारी का ज़िक्र करते हुए कहा कि दुनिया के कई देशों को वैक्सीन की उपलब्धता को लेकर बड़ी चुनौतियों का सामना करना पड़ा, जबकि भारत ने अपनी वैक्सीन विकसित की, बड़े पैमाने पर टीकाकरण अभियान चलाया और दूसरे देशों को भी वैक्सीन की आपूर्ति की.

    उन्होंने कहा कि यही 21वीं सदी के भारत का आत्मविश्वास है.

  6. दिल्ली में जनसुनवाई कार्यक्रम के बीच राहुल गांधी ने ज्ञानेश कुमार पर साधा निशाना

    दिल्ली के त्रिलोकपुरी में जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान लोगों से बात करते राहुल गांधी
    इमेज कैप्शन, राहुल ने कहा कि जबतक ज्ञानेश कुमार इस्तीफ़ा नहीं देंगे तब तक विपक्ष नहीं रुकेगा.

    दिल्ली के त्रिलोकपुरी में मंगलवार को राहुल गांधी जनसुनवाई कार्यक्रम में शामिल हुए.

    उनके साथ सामाजिक कार्यकर्ता योगेंद्र यादव के साथ सीपीआई (एमएल) के नेता भी मौजूद रहे.

    इस कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी ने चुनाव आयोग पर लोगों का वोट छीनने का आरोप लगाते हुए कहा कि मतदाता सूची से लोगों के नाम काटे जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार फ़र्जी तरीके से वोटर लिस्ट से लोगों के नाम काटकर 'वोट चोरी' को अंजाम दे रहे हैं और ये देशद्रोह है.

    चुनाव आयोग पर आरोप लगाते हुए राहुल गांधी ने कहा कि 4 बूथों में 416 मतदाताओं के नाम अवैध तरीके से काट दिए गए हैं. मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर आरोप लगाते हुए राहुल गांधी ने कहा कि वो जवाब नहीं देते.

    राहुल ने कहा कि जब तक ज्ञानेश कुमार इस्तीफ़ा नहीं देंगे तब तक विपक्ष नहीं रुकेगा. राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि हिंदुस्तान में करोड़ों लोगों से उनका अधिकार और वोट छीनने की कोशिश की जा रही है.

    उन्होंने कहा कि विपक्ष लंबे समय से इस मुद्दे को उठा रहा है और अब देश के लोगों को भी 'वोट चोरी' के मामले की गंभीरता समझ में आने लगी है.

    उन्होंने आरोप लगाया कि यह समस्या शीर्ष स्तर से जुड़ी हुई है और गरीबों के अधिकारों पर इसका असर पड़ रहा है.

  7. फ़ुटबॉलर एम्बाप्पे ने चीनी नेता माओ पर की गई अपनी टिप्पणी के लिए माफी मांगी

    किलियन एम्बाप्पे
    इमेज कैप्शन, फ़्रांसीसी फ़ुटबॉलर किलियन एम्बाप्पे (फ़ाइल फ़ोटो)

    फ़्रांस और रियाल मैड्रिड फ़ुटबॉल स्टार किलियन एम्बाप्पे ने चीन के दिवंगत नेता माओ ज़ेडोंग (माओ त्से-तुंग) को लेकर की गई अपनी टिप्पणी के लिए माफ़ी मांगी है.

    उनकी इस टिप्पणी को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद चीन के कई ब्रांड्स ने उनके साथ अपना कॉन्ट्रैक्ट ख़त्म कर दिया.

    एम्बाप्पे ने फ्रेंच टॉक शो ‘द ब्रिज’ में कहा था, "जो मीम मुझे सबसे ज़्यादा हंसाता है, वह एक ऐसा वीडियो है जिसमें एक शख़्स है. मुझे लगता है कि वह चीन का तानाशाह है."

    इसके बाद वह हंसने लगते हैं और वीडियो में एक मीम दिखाया जाता है, जिसमें माओ ज़ेडोंग जैसी दिखने वाली तस्वीर पर एम्बाप्पे का चेहरा लगा हुआ है.

    यह मीम रियाल मैड्रिड के फ़ॉरवर्ड एम्बाप्पे को ‘तानाशाह’ कहे जाने वाले मज़ाक का हिस्सा है. दरअसल, फुटबॉल में उनके बड़े प्रभाव को लेकर यह मज़ाक किया जाता है.

    एम्बाप्पे ने एक बयान में कहा, "मेरी टिप्पणी अनुचित थी. अब मैं समझता हूं कि इससे चीन और दुनिया भर में रहने वाले चीनी समुदाय के कई लोगों को ठेस पहुंची है."

    उन्होंने कहा, "मेरी बातों से जिन लोगों को दुख पहुंचा है, मैं उन सभी से माफ़ी मांगता हूं."

    स्पेन की ला लीगा ने भी माफ़ी मांगी है. उसने कहा कि किलियन एम्बाप्पे की हालिया टिप्पणियों से चीनी प्रशंसकों को जो ठेस पहुंची है, उसका उसे "गहरा अफ़सोस" है.

  8. सोनिया गांधी ने कहा, 'मेरी किताब आएगी तो तमाशा तो होगा ही'

    पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के साथ सोनिया गांधी की तस्वीर (फ़ाइल फ़ोटो)

    कांग्रेस संसदीय दल की चेयरपर्सन और पूर्व पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपनी आगामी आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग – ए जर्नी ऑफ लव’ को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो साझा किया.

    इस वीडियो में उन्होंने कहा कि जब राजीव गांधी को देश का प्रधानमंत्री बनाया जा रहा था, तब वह इस फैसले के बिल्कुल खिलाफ थीं और कभी नहीं चाहती थीं कि राजीव गांधी प्रधानमंत्री बनें.

    इस वीडियो में उन्होंने अगले महीने 10 नवंबर को लॉन्च होने जा रही अपनी किताब और अपने जीवन से जुड़े कई महत्वपूर्ण पलों पर खुलकर बात की है. सोनिया गांधी ने अपने वीडियो पोस्ट के कैप्शन में लिखा, "जब यह किताब आएगी, तो कुछ तमाशा होना तो तय है."

    "आखिरकार, दूसरों ने दशकों तक मेरी कहानी सुनाई है, अब मेरी बारी है." आगे वो कहती हैं,''मुझे नहीं पता कि मुझे पूरी कहानी बतानी चाहिए या नहीं, लेकिन मुझे लगा कि मेरे बारे में बहुत कुछ लिखा गया है और उसमें से काफी कुछ सही नहीं था."

    आगे वो कहती हैं, ''बहुत-सी बातें या तो मनगढ़ंत थीं या फिर उन्हें बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया गया था. इसलिए मुझे लगा कि अब मुझे खुद अपनी कहानी लिखनी चाहिए और तथ्यों व घटनाओं को ठीक वैसे ही बताना चाहिए, जैसे वे असलियत में घटी थीं.''

  9. इमरान ख़ान को भारत छोड़ने के नोटिस पर बॉम्बे हाई कोर्ट ने अब क्या कहा?

    अभिनेता इमरान ख़ान
    इमेज कैप्शन, अभिनेता इमरान ख़ान (फ़ाइल फ़ोटो)

    बॉम्बे हाई कोर्ट ने ‘लीव इंडिया नोटिस’ को चुनौती देने वाली इमरान ख़ान की याचिका पर सुनवाई 2 नवंबर तक टाल दी है.

    नोटिस में इमरान ख़ान को 28 अक्तूबर तक भारत छोड़ने के लिए कहा गया था.

    केंद्र सरकार की ओर से पेश असिस्टेंट सॉलिसिटर जनरल (एएसजी) ने अदालत को मौखिक आश्वासन दिया कि अगली सुनवाई तक इमरान ख़ान के ख़िलाफ़ कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी.

    अदालत ने भी अगली सुनवाई तक इस मामले में आगे की कार्रवाई पर रोक लगा दी है.

    इससे पहले, इमरान ख़ान ने 14 अक्तूबर को मुंबई के विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण अधिकारी (एफ़आरआरओ) की ओर से जारी ‘लीव इंडिया नोटिस’ (एलआईएन) को चुनौती देते हुए बॉम्बे हाई कोर्ट में याचिका दायर की थी. एफ़आरआरओ के मुताबिक़, अमेरिकी नागरिक इमरान ने एक विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया था.

    अभिनेता इमरान ख़ान की जनसंपर्क टीम ने एक बयान जारी कर कहा, “भारत में दो साल की उम्र से रह रहे अभिनेता और ओवरसीज़ सिटिज़न ऑफ़ इंडिया (ओसीआई) कार्डधारक इमरान ख़ान पाल ने मुंबई के विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण अधिकारी (एफ़आरआरओ) की ओर से 14 अक्तूबर, 2026 को जारी ‘लीव इंडिया नोटिस’ को बॉम्बे हाई कोर्ट में चुनौती दी है.”

  10. इसराइल में प्रधानमंत्री चुनाव के लिए वोटिंग जारी, नेतन्याहू को कड़ी टक्कर दे रहे हैं पूर्व सेना अध्यक्ष

    प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू और इसराइली सेना के पूर्व प्रमुख गादी आइज़ेनकोट
    इमेज कैप्शन, इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू और इसराइली सेना के पूर्व प्रमुख गादी आइज़ेनकोट (फ़ाइल फ़ोटो)

    7 अक्तूबर 2023 के बाद इसराइल में पहली बार आम चुनाव हो रहे हैं.

    इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू और इसराइली सेना के पूर्व प्रमुख गादी आइज़ेनकोट प्रधानमंत्री पद के प्रमुख दावेदार हैं.

    मतदान केंद्र स्थानीय समय के मुताबिक सुबह 7 बजे खुल गए हैं. योग्य मतदाता रात 10 बजे तक अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकते हैं.

    शुक्रवार को जारी हुए चुनावी सर्वे के मुताबिक, बिन्यामिन नेतन्याहू और गादी आइज़ेनकोट के बीच कड़ी टक्कर है.

    इसराइल की संसद, कनेसेट में 120 सीटें हैं. सरकार बनाने के लिए किसी भी दल या गठबंधन को कम से कम 61 सीटों की ज़रूरत होगी.

    अनुमान है कि किसी भी राजनीतिक गठबंधन को अपने दम पर बहुमत के लिए ज़रूरी सीटें नहीं मिलेंगी. ऐसे में गठबंधन सरकार बनानी पड़ सकती है. अगली सरकार के गठन में कई हफ़्ते या महीने भी लग सकते हैं .

    7 अक्तूबर 2023 को हमास ने इसराइल पर हमला किया था, इस हमले में करीब 1200 लोगों की मौत हुई थी. इसके बाद इसराइल ने ग़ज़ा में बड़े पैमाने पर सैन्य अभियान चलाए. इस अभियान में अभी तक 72 हज़ार से ज़्यादा लोग मारे गए.

  11. कार्टून: मर्यादा में ...

    आज का कार्टून
    इमेज कैप्शन, नेताओं के भाषणों को लेकर कांग्रेस - बीजेपी के टकराव पर आज का कार्टून.
  12. युवराज सिंह ने कहा- 'तुम फिर से 12 गेंदों में हाफ़ सेंचुरी नहीं बना पाए', जवाब में अभिषेक शर्मा ये बोले

    अभिषेक शर्मा

    न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ वेलिंगटन में खेले गए तीसरे टी-20 मैच में भारत ने 13.2 ओवर में ही 199 रनों का लक्ष्य हासिल कर मेज़बान टीम को 6 विकेट से हरा दिया.

    अभिषेक शर्मा ने 38 गेंदों पर 113 रन बनाए. उन्होंने अपनी पारी में 11 छक्के और 9 चौके लगाए.

    अभिषेक शर्मा को प्लेयर ऑफ़ द मैच चुना गया.

    अपनी पारी को लेकर उन्होंने कहा, “रणनीति काफ़ी आसान थी. मैं और वैभव अपने खेल का मज़ा लेना चाहते थे. जब हम फ़ील्डिंग कर रहे थे, तब हमने देखा कि गेंद में थोड़ा अतिरिक्त उछाल था और हम मैदान के छोटे हिस्से को निशाना बना सकते थे.”

    उन्होंने कहा, “वैभव ने अच्छी शुरुआत की और हमने वहीं से लय पकड़ ली. यह इतना आसान नहीं है, लेकिन यह तैयारी पर निर्भर करता है. मैं अपने कोचिंग स्टाफ़ और ख़ास तौर पर साइड-आर्म गेंदबाज़ों को धन्यवाद देना चाहता हूं. कल हमने अच्छा अभ्यास किया था और मैं उसी का इस्तेमाल करना चाहता था. मैंने इस पारी की कल्पना की थी और यह सच हो गई.”

    अभिषेक शर्मा की इस पारी के बाद उनके मेंटॉर युवराज सिंह ने मज़ाकिया अंदाज़ में एक्स पर पोस्ट किया, “तुम अभी भी 12 गेंदों में 50 रन नहीं बना सकते, है ना अभिषेक. ऐसा लग रहा है जैसे बाएं हाथ के दो बल्लेबाज़ अपने घर के आंगन में बल्लेबाज़ी कर रहे हों!”

    इसके जवाब में अभिषेक शर्मा ने कहा, “मैं पहले भी इस बारे में कह चुका हूं. मुझे नहीं पता कि उस समय युवराज किस तरह की क्रिकेट खेल रहे थे. अगर कोई इस तरह बल्लेबाज़ी करने उतरता है, तो यह आसान नहीं है. 12 गेंदों में अर्धशतक बनाना आसान नहीं है. लेकिन हम इस बारे में नहीं सोचते. हम सिर्फ़ अपनी टीम को मैच जिताना चाहते हैं.”

  13. स्पीकर बाग़र ग़ालिबाफ़ ने सुप्रीम लीडर मुजतबा ख़ामेनेई के बारे में दी ये जानकारी

    मोजतबा खामेनेई

    ईरानी संसद के स्पीकर मोहम्मद बाग़र ग़ालीबाफ़ ने कहा है कि ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा ख़ामेनेई “पूरी तरह स्वस्थ हैं.”

    मंगलवार को संसद के सत्र को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, "मुझसे अक्सर एक सवाल पूछा जाता है, रहबर-ए-इंकलाब (सर्वोच्च नेता) की सेहत के बारे में. मैं संसद के सदस्यों को बताना चाहता हूं कि जनाब मोजतबा ख़ामेनेई पूरी तरह स्वस्थ हैं."

    हाल के दिनों में ईरानी मीडिया ने ख़बर दी थी कि ग़ालीबाफ ने मोजतबा ख़ामेनेई से मुलाक़ात की है.

    अपने पिता अली ख़ामेनेई की मौत के बाद मोजतबा ख़ामेनेई ईरान के सर्वोच्च नेता बने थे.

    हालांकि, तब से उनकी कोई वीडियो या ऑडियो रिकॉर्डिंग सार्वजनिक नहीं हुई है. अब तक सिर्फ़ उनके नाम से जारी लिखित संदेश ही सामने आए हैं.

    ईरानी अधिकारियों का कहना है कि ऐसा सुरक्षा कारणों से किया गया है.

    ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियन ने भी हाल ही में कहा था कि नेतृत्व संभालने के बाद से वे दो बार मोजतबा ख़ामेनेई से मुलाकात कर चुके हैं.

  14. न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ भारत की तूफ़ानी बल्लेबाज़ी, 7 ओवर में 133/0

    अभिषेक शर्मा

    सलामी बल्लेबाज़ अभिषेक शर्मा की तूफ़ानी बैटिंग के सहारे भारत, न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ तीसरे टी-20 मैच में बेहद मज़बूत स्थिति में पहुंच गया है.

    199 रनों का पीछा करते हुए भारत ने 7 ओवर में बिना विकेट खोए 133 रन बना लिए हैं.

    अभिषेक शर्मा 25 गेंदों पर 80 रन बनाकर खेल रहे हैं जिसमें 8 छक्के शामिल हैं.

    वहीं सूर्यवंशी 18 गेंदों पर 45 रन बनाकर खेल रहे हैं जिसमें 4 छक्के शामिल हैं.

    इससे पहले न्यूज़ीलैंड ने भारत को जीत के लिए 199 रनों का लक्ष्य दिया है.

    पहले बल्लेबाज़ी करते हुए न्यूज़ीलैंड की टीम ने 20 ओवर में तीन विकेट के नुक़सान पर 198 रन बनाए.

    न्यूज़ीलैंड की ओर से डैरेल मिचेल ने 89 रनों की पारी खेलकर सबसे ज़्यादा रन बनाए. वहीं, फ़िन एलन ने 40 रनों का योगदान दिया.

    भारत की गेंदबाज़ी की बात करें तो अर्शदीप सिंह, अक्षर पटेल और नीतीश कुमार रेड्डी ने एक-एक विकेट लिया. वहीं, प्रिंस यादव ने चार ओवर की गेंदबाज़ी में 44 रन दिए, जो भारतीय गेंदबाज़ों में सबसे ज़्यादा थे.

  15. हैरी केन को सर्वश्रेष्ठ फ़ुटबॉल खिलाड़ी चुने जाने पर विराट कोहली ने दी बधाई, क्या कहा

    हैरी केन

    हैरी केन को दुनिया का सर्वश्रेष्ठ फुटबॉलर चुने जाने पर भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली ने उन्हें बधाई दी है.

    हैरी केन 2001 में माइकल ओवेन के बाद 'बैलन डी'ओर' जीतने वाले पहले अंग्रेज खिलाड़ी हैं.

    अवॉर्ड जीतने के बाद हैरी केन को भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बधाई देते हुए कहा, ''मेरे दोस्त हैरी, तुम इस पुरस्कार के पूरी तरह से हक़दार हो. इतने सालों तक शीर्ष स्तर पर फ़ुटबॉल खेलते हुए तुमने जिस कड़ी मेहनत और ईमानदारी के साथ ख़ुद को संभाला है, यह उसी का नतीजा है. तुम्हारे लिए बहुत ख़ुश हूं.''

    ''ईश्वर तुम्हें और तुम्हारे परिवार को हमेशा ख़ुश रखे. जैसे तुम्हें अपने इस सफ़र पर गर्व होगा, वैसे ही तुम्हारे परिवार को भी तुम पर बहुत गर्व हो रहा होगा. मेरी शुभकामनाएं हमेशा तुम्हारे साथ हैं. बहुत-बहुत बधाई.''

    फ़ुटबॉल क्लब बायर्न म्यूनिख के 33 वर्षीय स्ट्राइकर यह पुरस्कार जीतने वाले कुल मिलाकर पांचवें अंग्रेज खिलाड़ी हैं. उनसे पहले स्टेनली मैथ्यूज़ (1956), बॉबी चार्लटन (1966) और केविन कीगन (1978 और 1979) ने यह ख़िताब जीता था.

    ब्रिटेन से यह पुरस्कार जीतने वाले अन्य खिलाड़ियों में स्कॉटलैंड के डेनिस लॉ (1964) और उत्तरी आयरलैंड के जॉर्ज बेस्ट (1968) शामिल हैं.

    रियाल मैड्रिड और फ़्रांस के फ़ॉरवर्ड किलियन एम्बाप्पे दूसरे स्थान पर रहे, जबकि बार्सिलोना और स्पेन के स्ट्राइकर लामीन यमाल तीसरे स्थान पर रहे.

  16. अभी तक बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे.

    अब बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल रात दस बजे तक आप तक ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं -

    - चुनाव आयोग के सुप्रीम कोर्ट में हलफ़नामे से क्या चीज़ें बदल जाएंगी? अब भी बचे हैं ये सवाल

    - पाकिस्तान पर ईरान भरोसा क्यों करता है?

  17. वोटर लिस्ट में छपे नाम पर टिप्पणी के मामले में यूपी के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने मांगी माफ़ी

    वोटर लिस्ट में नाम को लेकर विवाद

    उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर अपने आधिकारिक हैंडल से की गई एक पोस्ट की शब्दावली को लेकर सार्वजनिक तौर पर माफ़ी मांगी है.

    यह पूरा घटनाक्रम बलिया के विधान परिषद चुनाव की वोटर लिस्ट में छपे एक नाम पर की गई टिप्पणी से जुड़ा है.

    इस पोस्ट में जाति और सांप्रदायिकता से जुड़ी बातें शामिल होने के बाद सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली थी.

    इस पोस्ट में भाषा के लिए माफ़ी मांगते हुए आगे से मर्यादित और औपचारिक संवाद बनाए रखने का आश्वासन दिया गया है.

    यह विवाद बलिया के हालिया विधान परिषद चुनाव की मतदाता सूची में छपे एक नाम में हुई गलती से शुरू हुआ था, जिसमें मतदाता के स्थान पर ''राम ने शर्मा को मारा'' लिखा गया था.

    इसपर प्रतिक्रिया देते हुए यूपी सीईओ के आधिकारिक हैंडल से एक पोस्ट पब्लिश किया गया जिसमें लिखा था कि कंप्यूटर अथवा सॉफ्टवेयर जातिवादी नहीं होता. इसी पोस्ट में आगे अल्पसंख्यक समुदाय के ज़िक्र ने इस विवाद को और बढ़ा दिया था.

    इस पूरे विवाद के बाद मुख्य निर्वाचन अधिकारी के एक्स हैंडल से एक नया बयान जारी कर माफीनामा पेश किया साथ में पुराने पोस्ट की शब्दावली पर भी खेद जताया है.

  18. डिजिटल डेटा प्रोटेक्शन एक्ट के ख़िलाफ़ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर, वकील ने कहा - 'न्यूज़रूम बंद हो जाएंगे'

    सुप्रीम कोर्ट

    सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को डिजिटल न्यूज़ पब्लिशर्स एसोसिएशन (डीएनपीए) की याचिका पर नोटिस जारी किया है. इस याचिका में डिजिटल पर्सनल डेटा प्रोटेक्शन एक्ट, 2023 के कुछ प्रावधानों को चुनौती दी गई है.

    डीएनपीए में 'द इंडियन एक्सप्रेस', 'द हिंदू', 'इंडिया टुडे', 'टाइम्स ग्रुप', 'ज़ी', 'एनडीटीवी', 'नेटवर्क 18' समेत 21 बड़े न्यूज़ संगठनों के डिजिटल विंग शामिल हैं. एसोसिएशन का कहना है कि डीएनपीए के नियम प्रेस की आज़ादी पर बुरा असर डालते हैं.

    कानूनी मामलों पर नज़र रखने वाली वेबसाइट लाइव लॉ के मुताबिक़ 'संविधान के अनुच्छेद 32 के तहत दायर इस याचिका में डीपीडीपी एक्ट की धारा 7, 17(2), 18, 19, 27, 29, 36, 37 और 44(3) को असंवैधानिक घोषित करने की मांग की गई है.'

    याचिका में डीपीडीपी नियम, 2025 के नियम 16, 17 और 23 को भी चुनौती दी गई है.

    याचिकाकर्ताओं की वकील माधवी दीवान ने मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी मोहना की बेंच के सामने कहा, "ये नियम न्यूज़रूम को बंद कर देंगे."

    उन्होंने कहा, 'अगर मुझे डेटा से जुड़े व्यक्ति की मर्ज़ी पर छोड़ दिया गया कि वह मंज़ूरी देगा या नहीं, तो ख़बरों का कॉन्सेप्ट ही ख़त्म हो जाएगा... ख़बरें नई होनी चाहिए. इससे न्यूज़रूम बंद हो जाएगा. अगर मुझे अनुमति और मंज़ूरी मांगनी पड़े, तो इसका क्या मतलब है?"

  19. चक्रवाती तूफ़ान अर्नब तेज़ होने के साथ ही ओडिशा में भारी बारिश, झारखंड में येलो अलर्ट

    अर्नब
    इमेज कैप्शन, अर्नब चक्रवाती तूफ़ान से ओडिशा में भारी बारिश

    आंध्र प्रदेश में चक्रवाती तूफ़ान अर्नब के तेजी से बढ़ने के साथ ही ओडिशा के कुछ हिस्सों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हो रही है.

    भारतीय मौसम विभाग ने ओडिशा के ने छह जिलों, पुरी, गजपति, गंजाम, रायगढ़ा, कोरापुट और मलकानगिरि के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.

    इन जिलों में 12 से 20 सेंटीमीटर तक भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है.

    वहीं, बालासोर, भद्रक, जजपुर, केंद्रपाड़ा, कटक, क्योंझर, मयूरभंज, कंधमाल, कालाहांडी, नबरंगपुर, खुर्दा, नयागढ़, जगतसिंहपुर, नोआपाड़ा, बलांगीर और बौध जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है.

    इसके साथ ही अर्नब की वजह से झारखंड के कुछ हिस्सों में तीन दिनों तक भारी बारिश ला सकता है. अधिकारियों ने बताया कि इसे देखते हुए राज्य सरकार ने सभी जिला प्रशासन को सतर्क रहने का निर्देश दिया है.

    भारत मौसम विज्ञान विभाग ने 28 अक्तूबर को सुबह साढ़े आठ बजे से अगले 24 घंटों के लिए रांची, खूंटी, सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा, सरायकेला-खरसावां और पूर्वी एवं पश्चिमी सिंहभूम जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है.

  20. तमिलनाडु में जेल से 17 कैदी फ़रार, चार पकड़े गए

    तमिलनाडु
    इमेज कैप्शन, फ़रार कैदियों में से चार को पकड़ लिया गया है

    तमिलनाडु में सोमवार की रात थेनी जेल से 17 कैदी फ़रार हो गए हैं. लेकिन इनमें से चार को बाद में पकड़ लिया गया.

    पुलिस बाकी फ़रार कैदियों का पता लगाने के लिए गाड़ियों की गहन जांच कर रही है. इसके लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं.

    दक्षिणी क्षेत्रीय पुलिस के महानिरीक्षक विजयेंद्र बिदारी ने बताया कि फ़रार हुए चार कैदियों को पुलिस ने तलाशी अभियान के दौरान पकड़ लिया.

    विजयेंद्र बिदारी ने कहा, "फ़रार कैदियों को पकड़ने के लिए तमिलनाडु पुलिस की 17 विशेष टीमें गठित की गई हैं. तमिलनाडु-केरल सीमा पर निगरानी बढ़ा दी गई है. हम केरल पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं.''

    उन्होंने कहा, ''केरल पुलिस को भी सूचित कर दिया गया है और वे भी तलाशी और सुरक्षा अभियान में शामिल हैं. पुलिस जेल परिसर के आसपास के गांवों पर ड्रोन उड़ाकर फ़रार कैदियों की तलाश कर रही है.''

    विजयेंद्र बिदारी ने कैदियों के फ़रार होने की घटना पर पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि कैदियों ने बीमार होने का नाटक कर फ़रार होने की योजना बनाई थी.

    समाचार एजेंसी एएनआई ने पुलिस के हवाले से बताया कि सभी 17 कैदियों को एक ही सेल में रखा गया था. उनमें से एक ने तबीयत ख़राब होने की शिकायत की.

    इसके बाद जब जेल का एक सुरक्षाकर्मी सेल में पहुंचा, तो सभी 17 कैदी फ़रार हो गए.