साँप ने पाइप में घर बनाया

टॉयलेट के पाइप में छुपा साँप पकड़ा गया
इमेज कैप्शन, कीथ नामक यह मादा साँप शायद पाइपों में रहने वाले चूहों को खाकर जीवित रही.
प्रकाशित

क़रीब तीन मीटर लंबा साँप लगभग तीन महीने से टॉयलेट के एक पाइप में रहने को मजबूर था, वजह शायद ये थी कि जिस घर में वो रहता था, वहाँ रहने वाले व्यक्ति को ज़बरदस्ती निकाला गया था.

मैनचेस्टर की एक बस्ती में तीन महीने तक पाइप को अपना घर बनाने वाले इस साँप को आख़िरकार पकड़कर बाहर निकाल लिया गया है.

इस साँप को कीथ नाम दिया गया है और ऐसी ख़बरें मिली हैं कि क़रीब तीन महीने से यह साँप जहाँ-तहाँ नज़र आता था.

निवासियों को कभी एक पाइप में नज़र आता तो किसी दूसरे निवासी को किसी दिन किसी अन्य पाइप में नज़र आता था.

वहाँ रहने वालों में दहशत फैल चुकी थी और अनेक लोगों ने इस साँप को पकड़ने की कोशिश की मगर कामयाबी नहीं मिली.

कभी-कभीतो यह साँप टॉयलेट के पाइप से टॉयलेट कोमोड में भी झाँकता नज़र आता था जिससे निवासी थरथरा रहे थे.

बहुत से निवासी तो इस डर के साथ टॉयलेटों के ढक्कन पर ईंट या कोई अन्य वज़न रखते थे कि कहीं ये साँप टॉयलेट का ढक्कन हटाकर घर में ना घुस आए.

लेकिन एक बहादुर निवासी ने आख़िरकार इस पाँप को अपने चंगुल में ले लिया और उसे बहला-फ़ुसला कर एक बाल्टी में दबोच लिया.

कीथ नामक इस साँप को मादा बताया जा रहा है.

जानवरों की सुरक्षा के लिए काम करने वाली एक संस्था रॉयल सोसायटी फॉर द प्रीवेंशन ऑफ़ क्रुएल्टी टू एनीमल्स के प्रवक्ता जिमी रैटक्लिफ़ का कहना था कि घरों के पाइपों में सांप का पाया जाना कोई असाधारण बात नहीं है.

प्रवक्ता ने कहा कि ऐसा लगता है कि कीथ नामक यह मादा साँप उन पाइपों में आराम से रह रही थी और उसे कोई परेशानी नहीं थी.

प्रवक्ता ने कहा, "इस तरह पाइप में साँप का पाया जाना वाक़ई कोई असाधारण बात नहीं है लेकिन इतने बड़े आकार का साँप देखना और फिर उसे पकड़ना सचमुच असाधारण बात है. यह कोई मामूली घटना नहीं है."

जिमी रैटक्लिफ़ का कहना था, "ऐसा लगता कि इस सापँप को पाइप में ऊपर चढ़ने और नीचे उतरने में कोई परेशानी नहीं हुई और शायद वहाँ पाए जाने वाले चूहों को खाकर इस सांप ने अपने पेट भरा."