नग्न होकर साइकिल की सवारी

न्यूज़ीलैंड में पुलिस ने दो युवकों को नग्न होकर साइकिल चलाते हुए पकड़ा. उन्होंने उन पर आपराधिक व्यवहार करने का आरोप तो नहीं लगाया लेकिन हेलमेट पहनने की चेतावनी देकर छोड़ दिया.
पुलिस कर्मचारी कैथी ड्यूटर ने ने बताया कि क़रीब 20 साल की आयु के दो युवकों को नग्न होकर साइकिल चलाते देखकर वे दंग रह गईं.
उन्होंने कहा, ''दोनों मुझसे अधिक सदमे में थे. वे अपने हाथों से अपने गुप्तांगों को ढंकने की कोशिश कर रहे थे.''
आज़ादी का एहसास
दोनों युवक न्यूज़ीलैंड के पूर्वी समुद्र तट पर कोरोमंडल समुद्री किनारे पर वाहंग्मटा रिसार्ट के आसपास साइकिल चला रहे थे.
पुलिस अधिकारी ने जब उनसे इस तरह साइकिल चलाने का कारण पूछा तो दोनों ने कहा, ''हम आज़ादी का पूरा एहसास करना चाहते थे.''
कैथी ड्यूटर ने हंसते हुए कहा, ''मैंने उनसे कहा इस तरह तो आप एकांतवास का पूरा एहसास करने जा रहे हैं.''
उन्होंने कहा, ''दोनों युवक शांत और निश्चिंत दिखाई दिए.''
पुलिस अधिकारी ने मजाक में कहा, ''वे शराब पिए हुए नहीं लग रहे थे. जिसकी मुझे चिंता थी.''
ड्यूडर ने दोनों युवकों को हेलमेट न पहनने के लिए सख़्त चेतावनी दी और उन्हें सीधे घर जाने को कहा.
समाचार एजेंसी एसोसिएटेड प्रेस से ड्यूटर ने कहा कि उन्होंने अपनी शिफ़्ट के दौरान उन युवकों को फिर नहीं देखा और यह भी पता नहीं चल पाया कि उन्होंने हेलमेट पहनकर अपनी आगे की यात्रा जारी रखी या नहीं.
सार्वजनिक स्थानों पर नग्न होना न्यूज़ीलैंड में अपराध है लेकिन ड्यूटर ने कहा कि उन्होंने दोनों युवकों को जाने दिया.
उन्होंने कहा, ''वहाँ काफ़ी अंधेरा था और कोई दूसरा मौजूद भी नहीं था. दोनों जवान थे और इस तरह का अपराध करने का उनका कोई इरादा भी नहीं लग रहा था.''

























