टीवी पर दिखे फ़िदेल कास्त्रो

फ़िदेल कास्त्रो 11 महीने के अंतराल के बाद पहली बार क्यूबा के राष्ट्रीय टीवी चैनल पर दिखे हैं.
‘मेसा रेडोंडा’ यानि गोल मेज़ नाम के अंतरराष्ट्रीय मुद्दों के कार्यक्रम में भाग लेते हुए 83 वर्षीय कास्त्रो काफ़ी चौकस दिखे लेकिन बीच-बीच में उनकी आवाज़ थोड़ी कमज़ोर लग रही थी.
कार्यक्रम में कास्त्रो ने अमरीका को इरान पर हमला ना करने की चेतावनी दी.
जुलाई 2006 में एक बड़ी सर्जरी के बाद, कास्त्रो ने सार्वजनिक जीवन से संन्यास ले लिया था. बिगड़ती सेहत की वजह से उन्हें क्यूबा की सत्ता 79 वर्षीय अपने भाई राउल को सौंपनी पड़ी थी.
उस सर्जरी के बाद बीते हफ़्ते में पहली बार उनकी कुछ तस्वीरें भी सामने आईं थीं.
कार्यक्रम

नीली स्पोर्ट्स जैकेट पहने फ़िदेल कास्त्रो ने एक अज्ञात स्थान पर कार्यक्रम के प्रस्तुतकर्ता के प्रश्नों के उत्तर दिए. ये साफ नहीं है कि कार्यक्रम सीधा प्रसारित किया गया या पहले से रिकॉर्ड किया हुआ था.
क्यूबा की राजधानी हवाना स्थित बीबीसी संवाददाता माइकल वॉस के अनुसार साक्षात्कार के दौरान कास्त्रो की आवाज़ बीच-बीच में कमज़ोर पड़ती सुनाई दी लेकिन अंदाज़ वही पुराने फ़िदेल कास्त्रो वाला था.
उन्होंने अमरीका की उत्तर कोरिया और इरान के प्रति विदेश नीति पर जमकर हमला किया.
हमारे संवाददाता के मुताबिक कास्त्रो का अचानक वापस लौटना इस बात का संकेत देने की कोशिश है कि वे अब भी क्यूबा में निर्णय लेने की प्रक्रिया का हिस्सा हैं.

























