समलैंगिक जोड़े को हनीमून का न्योता

मेक्सिको सिटी ने अर्जेंटीना में शादी करने वाले पहले समलैंगिक जोड़े को अपने यहां हनीमून मनाने की दावत दी है.
ये न्योता गुरुवार को अर्जेंटीना में समलैंगिक शादियों को क़ानूनी दर्जा दिए जाने के बाद दिया गया है. ऐसा करने वाला अर्जेंटीना लेटिन अमरीका में पहला देश बन गया है.
मेक्सिको सिटी के पर्यटन मंत्री ऐलेयांड्रो रोयास ने कहा है कि इस पेशकश का मक़सद सहनशीलता का जश्न मनाना और मेक्सिको की राजधानी को समलैंगिकों के लिए दोस्ताना पर्यटन स्थल बनाना है.
मेक्सिको ने भी पिछले साल समलैंगिक विवाहों को क़ानूनी दर्जा दे दिया था.
अर्जेंटीना की सीनेट ने चौदह घंटे तक चली गर्मागम बहस के बाद समलैंगिक जोड़ों को विवाह करने संबंधी क़ानून पारित किया. इस क़ानून के बाद समलैंगिक जोड़े बच्चे गोद लेने के भी हक़दार होंगे.
अर्जेंटीना में इस क़ानून का कैथोलिक चर्च और अन्य धार्मिक गुटों ने कड़ा विरोध किया था लेकिन इसे देश की राष्ट्रपति क्रिस्टीना फ़र्नांडेज़ की सरकार का पूरा समर्थन हासिल था. इस क़ानून के पक्ष में 33 मत पड़े जबकि 27 इसके विरोध में.






















