तीन सांसदों का सच से सामना

बैरोनेस उद्दीन, लॉर्ड पॉल और लॉर्ड भाटिया
प्रकाशित

ब्रिटेन के ऊपरी सदन हाउस ऑफ़ लॉर्ड्स की एक समिति ने तीन सांसदों को हज़ारों पाउंड के ग़लत दावे करने के आरोप में निलंबित करने की सिफ़ारिश की है.

इन सांसदों में भारतीय मूल के स्वराज पॉल भी शामिल हैं. पॉल के अलावा हाउस ऑफ़ लॉर्ड्स की समिति ने बैरोनेस उद्दीन और लॉर्ड भाटिया को भी निलंबित करने को कहा है.

'हाउस ऑफ़ लॉर्ड्स' की विशेषाधिकार और आचरण समिति इन सांसदों के उन दावों की पड़ताल कर रही थी जिनमें इन्होंने लंदन से बाहर स्थित अपने घरों को अपना 'मुख्य निवास' बताया था.

लंदन के बाहर 'मुख्य निवास' होने पर ये सांसद 174 पाउंड प्रति रात्रि 'ओवरनाइट भत्ते' के हक़दार हो गए थे. घर शहर से बाहर होने के कारण सांसदों को ये भत्ता दिया जाता है ताकि वे संसद की कार्यवाही के दौरान 'वेस्टमिंस्टर' के क़रीब रह सकें और साथ ही इस भत्ते का प्रयोग यात्रा के ख़र्चों के लिए कर सकें.

निलंबन

सदन की समिति ने बैरोनेस उद्दीन को वर्तमान संसद के कार्यकाल की समाप्ति तक यानी 2012 तक निलंबित रखने और 125,349 पाउंड वापस करने के लिए कहा है. समिति ने कहा है कि लॉर्ड पॉल को चार महीनों के लिए निलंबित किया जाए और लॉर्ड भाटिया को आठ महीनों के लिए सदन से बाहर रखा जाए.

लॉर्ड पॉल और लॉर्ड भाटिया
इमेज कैप्शन, लॉर्ड पॉल और लॉर्ड भाटिया ने पहले ही कुछ राशि सदन को लौटा दी है.

इन दोनों ने पहले ही एक बड़ी धनराशि वापस लौटा दी है. तीनों सांसद गुरुवार को तय करेंगे कि उन्हें समिति के निष्कर्ष मंज़ूर हैं या नहीं.

इसी बीच बैरोनेस उद्दीन को लेबर पार्टी ने निलंबित कर दिया है और लॉर्ड पॉल ने लेबर पार्टी की सदस्यता से इस्तीफ़ा दे दिया है.

लॉर्ड पॉल ने 41,932 पाउंड और लॉर्ड भाटिया ने 27,446 पाउंड पहले ही लौटा दिए हैं.

समिति ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि तीनों सांसदों के पास लंदन में अरसे से अपने घर हैं जहां वे अपना अधिकतर समय बिताते हैं जबकि लंदन से बाहर स्थित जिस घर को इन्होंने अपना मुख्य निवास बताया है वहां वे बहुत कम समय व्यतीत करते हैं.