बाथरूम में 20 दिनों तक बंद रही महिला

फ़्रांस की राजधानी पेरिस में एक बुज़ुर्ग महिला अपने बाथरूम में 20 दिनों तक क़ैद रहने को मजबूर हो गई.
ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि महिला के बाथरूम का दरवाज़ा ग़लती से बंद हो गया और वो खुल नहीं पा रहा था.
इस दौरान महिला को बाथरूम में मिल रहे गरम पानी को पीकर ही जीना पड़ा.
बाथरूम में कोई खिड़की या कोई और दूसरा दरवाज़ा नहीं था और 69 वर्ष की इस महिला के पास अपनी जान-पहचान के लोगों को अपना हाल बताने के लिए कोई फ़ोन भी मौजूद नहीं था.
ये बुज़ुर्ग महिला रात को इस उम्मीद में अपने बाथरूम के पाइप को खटखटाती थी कि शायद इसकी आवाज़ उसके पड़ोसियों तक पहुँच जाए.
उधर पड़ोसियों को ये लग रहा था कि ये शोर किसी काम के चलते है जो रात को होता है और वो उस काम को रुकवाने की कोशिश में लग गए.
बचाव कार्य
लेकिन कुछ लोगों को अहसास हुआ कि उन्होंने बीते कुछ समय से पेंशन पानेवाली इस बुज़ुर्ग महिला को नहीं देखा है और उन्होंने इसकी सूचना अधिकारियों को दी.
अधिकारियों ने महिला के लिए एक बचाव दल भी भेजा.
दमकल विभाग के अधिकारियों ने महिला की दूसरी मंज़िल पर मौजूद घर में घुसकर पाया कि महिला अपने बाथरूम में ज़मीन पर पड़ी हुई है.
महिला की हालत कमज़ोर थी.
इस महिला की पहचान नहीं बताई गई है लेकिन ये पता है कि इस महिला ने 20 दिन सिर्फ़ गरम पानी पीकर बिताए.
इस महिला का उपचार अस्पताल में चल रहा है.
महिला के एक पड़ोसी ने स्थानीय मीडिया को बताया है कि उन्हें हर रात हथौड़े की आवाज़ सुनाई देती थी, लेकिन वे सोचते थे कि कहीं काम चल रहा है.
इस पड़ोसी ने कहा- काश, हमें पता होता...

























