कालेधन के मामले में पूर्व सांसद दोषी

टॉम डिले
इमेज कैप्शन, टॉम डिले अपने तेज़ तर्रार तेवरों के लिए जाने जाते थे
प्रकाशित

अमरीकी संसद की प्रतिनिधि सभा में बहुमत वाली रिपब्लिकन पार्टी के नेता रहे टॉम डिले को काले धन को सफ़ेद करने का दोषी पाया गया है.

इस अपराध के लिए उन्हें आजीवन कारावास की सज़ा दी जा सकती है.

वर्ष 2002 में वॉशिंगटन के सबसे ताक़तवर नेता रहे कंज़रवेटिव रिपब्लिकन टॉम डिले पर आरोप साबित हुआ है कि उन्होंने टैक्सस में हुए चुनावों में उम्मीदवारों को व्यापार जगत का पैसा उपलब्ध करवाया.

टैक्सस में ऐसा करना ग़ैर-क़ानूनी है.

हालांकि टॉम डिले कहते रहे हैं कि उन्होंने कुछ ग़लत नहीं किया लेकिन यह आरोप लगने के बाद उन्हें अपने पद से इस्तीफ़ा देना पड़ा था. बाद में उन्होंने राजनीति ही छोड़ दी थी.

'ग़लत नहीं किया'

जूरी के सदस्यों ने 19 घंटों के विचार विमर्श के बाद उनके दोषी होने की सज़ा सुनाई.

उन्होंने टॉम डिले को कालेधन को सफ़ेद करने और कालेधन को सफ़ेद करने के लिए षडयंत्र रचने का दोषी पाया है.

पूर्व सांसद के वकीलों का कहना है कि उन्होंने कुछ ग़लत नहीं किया और व्यापार जगत का पैसा किसी भी उम्मीदवार के पास नहीं पहुँचा.

अपने कामकाज के तौर तरीक़ों की वजह से संसद में उन्हें 'मिस्टर हैमर' कहा जाता था. अभियोजन पक्ष का कहना है कि उन्होंने एक समूह का गठन किया और उसके ज़रिए उन्होंने एक लाख नब्बे हज़ार इकट्ठे किए और यह पैसे वॉशिंगटन के रिपब्लिकन नेशनल कमेटी को दिए गए. वहाँ से पैसे राज्य विधानसभा के रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवारों को दिए गए.

लेकिन टॉम डिले के वकीलों का कहना है कि जो कुछ वह क़ानूनी था और पैसा उम्मीदवारों को नहीं दिया गया.

पैसा उगाहने वाली संस्था के बारे में वकीलों का कहना है कि टॉम डिले के नाम का उपयोग वहाँ किया जा रहा था लेकिन उस संस्था के कामकाज में उनका कोई दखल नहीं था.

उनके वकील ने कहा है कि वे इस फ़ैसले के ख़िलाफ़ अपील करने की योजना बना रहे हैं.