बॉबी जिंदल सबसे लोकप्रिय गवर्नर

एक जनमत संग्रह के मुताबिक भारतीय मूल के बॉबी जिंदल अमरीका के गवर्नरों में से सबसे लोकप्रिय गवर्नर हैं.
ये जनमत संग्रह 'पब्लिक पॉलिसी पोलिंग' नाम की संस्था ने किया है. इस सर्वेक्षण के लिए अमरीका के तीस गवर्नरों को चुना गया था.
बॉबी जिंदल रिपब्लिकन पार्टी के नेता हैं और वर्ष 2008 में लुइज़ियाना राज्य के गवर्नर बने थे.
जिंदल को इस सर्वेक्षण में 58 प्रतिशत मत पक्ष में मिले और 34 प्रतिशत लोगों ने उनके कामकाज के तरीक़ों पर नाराज़गी ज़ाहिर की.
जिंदल से बाद लोकप्रियता की सूची में कॉनक्टीकट के गवर्नर जोडी रेल का नाम है. उन्हें 55 प्रतिशत मत मिले.
फिर लड़ेंगे चुनाव
वैसे तो इस सूची में जिंदल से ऊपर जो मनचीन का भी नाम था जिन्हें जिंदल के 58 प्रतिशत से अधिक 70 प्रतिशत मत मिले.
लेकिन जिंदल का नाम सूची में इसलिए ऊपर पहुँच गया क्योंकि मनचीन अब गवर्नर नहीं हैं.
कैलिफ़ोर्निया के गवर्नर और हॉलीवुड अभिनेता अर्नॉल्ड श्वार्ज़नेगर को केवल 25 प्रतिशत मत मिले.
इसका मतलब ये हुआ कि एक्शन हीरो की तरह तो अर्नाल्ड श्वार्ज़नेगर को लोग उन्हें पंसद करते है लेकिन गवर्नर के तौर पर उनके कामकाज से प्रसन्न नहीं है.
वर्ष 2011 में लुइज़ियाना में दोबारा चुनाव होने हैं और जिंदल आगामी चुनाव में भी लड़ने का मन बना रहे हैं.
बॉबी जिंदल का कहना है कि राज्य के तटीय इलाक़े में बडे़ पैमाने पर हुआ तेल रिसाव उनके लिए एक बडी़ चुनौती है.
भारतीय मूल के किसी व्यक्ति के लिए अमरीका में यह एक नया मुक़ाम है.
पिछले कई दशकों के अमरीकी इतिहास में जिंदल पहले अश्वेत व्यक्ति हैं जो लुइज़ियाना के गवर्नर के पद तक पहुँचे हैं.
इससे पहले वर्ष 2003 में हुए गवर्नर पद के चुनाव में वो हार गए थे.
बॉबी जिंदल को रिपब्लिकन पार्टी के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के तौर पर भी देखा जा रहा है लेकिन वे इसकी संभावना को ख़ारिज करते रहे हैं.

























