'दुनिया को चीन से कोई ख़तरा नहीं'

चीन की बढ़ती सैन्य ताक़त पर अमरीकी चिंता को बेमानी बताते हुए वहां के रक्षा मंत्री ने कहा है कि दुनिया को चीन से कोई ख़तरा नहीं है.
चीनी रक्षा मंत्री लियांग ग्वांगलिएह ने ये बयान बीजिंग में अमरीकी रक्षा मंत्री रॉबर्ट गेट्स के साथ हुई बातचीत के बाद दिया है.
गेट्स अमरीका और चीन के बीच तनाव कम करने के उद्देश्य से तीन दिनों के दौरे पर बीजिंग पहुंचे हैं.
बीजिंग से बीबीसी संवाददाता मार्टिन पेशेंस के अनुसार चीनी रक्षा मंत्री ने कहा कि हथियारों की आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में चीन विकसित देशों से दशकों पीछे है.
लेकिन हाल के दिनों में अमरीका ने चीन के नए हथियार कार्यक्रमों पर चिंता ज़ाहिर की है.
बढ़ती ताक़त
अमरीका ने कहा है कि उन्हें जानकारी मिली है कि चीन लगातार अपनी मिसाइल तकनीक को बढ़ा रहा है जिसमें एक ऐसा बैलिस्टिक मिसाइल भी है जो अमरीकी विमानवाहक युद्धपोतों को डुबो सकता है.
बीबीसी संवाददाता का कहना है कि पिछले हफ़्ते प्रकाशित कुछ तस्वीरों के अनुसार चीन ने एक अत्याधुनिक लड़ाकू विमान का प्रारूप विकसित कर लिया है.
वहीं चीन का कहना है कि उसका सैन्य विकास शांतिपूर्ण मकसद के लिए है.
पिछले साल चीन ने अमरीका की ओर से ताइवान को हथियार बेचे जाने पर ख़ासी नाराज़गी ज़ाहिर की थी.
चीन में इस बात की भी चिंता है कि अमरीका उसके इर्द गिर्द सैन्य गठबंधनों के माध्यम से उसे घेरने की कोशिश कर रहा है.
रॉबर्ट गेट्स की ये यात्रा इन्हीं तनावों को कम करने के लिए है.
अगले हफ़्ते चीन के राष्ट्रपति हू जिंताओ अमरीका के दौरे पर जा रहे हैं.

























