अफ़ग़ानिस्तान में घातक हमला

इमेज स्रोत, BBC World Service
अफ़ग़ानिस्तान के एक प्रांतीय गवर्नर के मुताबिक एक बैंक पर हुए हमले में कम से कम 70 लोग मारे गए हैं और 70 से ज़्यादा घायल हो गए हैं. मरने वालों में पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हैं.
एएफ़पी समाचार एजेंसी के मुताबिक नंगरहार प्रांत के गवर्नर आग़ा शीराज़ी का कहना है कि बंदूकों और बमों से लैस आत्मघाती हमलावरों ने काबुल बैंक पर हमला किया.
हमले मे घायल हुए लोगों में जलालाबाद के पुलिस प्रमुख और उनके सहायक भी शामिल हैं.
बीबीसी संवाददाता संबुद्ध मित्रा के मुताबिक अफ़गानिस्तान के सैनिक और पुलिसकर्मी अपना वेतन पाने के लिए इस बैंक के सामने जमा हुए और तभी यह हमला हुआ. तीन घंटे तक चली कार्रवाई के बाद सात हमलावरों को मार दिया गया.
तालिबान ने इस हमले की ज़िम्मदारी स्वीकार कर ली है.
तालिबान का कहना है कि हमला उन पुलिसकर्मियों और गुप्तचर अधिकारियों को निशाना बना कर किया गया जो बैंक में अपने वेतन लेने गए थे.
अफ़ग़ानिस्तान के राष्ट्रपति हामिद करज़ई ने इस हमले की निंदा की है.
उनका कहना था "लोग अपने व्यवसायिक कामों के लिए और अपने वेतन लेने के लिए बैंक गए थे. इस हमले ने एक बार फिर आतंकवादियों के बेरहम इरादों को बेनक़ाब कर दिया है कि वे नहीं चाहते कि अफ़ग़ानिस्तान की जनता शांति से रहे."

























