हैरी पॉटर समेत कई जादुई किरदारों पर टिकट

इमेज स्रोत, royal mail
ब्रिटेन में डाक सेवा ने जादू की दुनिया से जुड़े किरदारों के आठ डाक टिकट जारी किए हैं जिसमें हैरी पॉटर से जुड़े कई मशहूर किरदार भी शामिल हैं.
लेखिका जेके राउलिंग की हैरी पॉटर सिरीज़ के किरदार ब्रिटेन ही नहीं दुनिया भर में बेहद लोकप्रिय हैं.
इनमें कई मशहूर किरदार जैसे लॉर्ड वाल्डमॉर्ट और डंबलडोर शामिल हैं जिन्हें डाक टिकट पर जगह मिली है.
इसके अलावा क्रॉनिकल्स ऑफ़ नार्निया के किरदार द वाइट विच और असलन द लाएन पर भी डाक टिकट जारी हुआ है.
जिन अभिनेताओं और अभिनेत्रियों ने इन फ़िल्मों में किरदार निभाए हैं उन्हीं की फ़ोटो टिकट पर इस्तेमाल की गई है.
हैरी पॉटर से जुड़े स्टाम्प पर रेफ़ फ़ाइन्स और सर माइकल गैम्बॉन जैसे अभिनेताओं की फ़ोटो है जबकि नार्निया स्टाम्प पर टिल्डा स्विन्टंन का फ़ोटो है जो द वाइट विच बनी थीं.
ब्रितानी डाक सेवा रॉयल मेल ने कहा है कि सांस्कृतिक इतिहास को देखने परखने के बाद इन किरदारों का चयन किया गया है.





















