नेत्रहीन कुत्ते को मिला गाइड डॉग

इमेज स्रोत, agency
नेत्रहीनों की मदद के लिए अकसर कुत्तों को प्रशिक्षित किया जाता है ताकि वे रोज़मर्रा के कामों में इन लोगों की मदद कर सकें और उन्हें गाइड कर सकें.
इंग्लैंड के रहने वाले ग्राहम वास्प देख नहीं सकते और दुर्भाग्यवश उनके गाइड डॉग एडवर्ड की आँख की रोशनी भी चली गई है.
इनके घर में अब ओपल नाम का एक नया गाइड डॉग आया है जो ग्राहम की नहीं बल्कि उनके नेत्रहीन कुत्ते की भी मदद करता है.
एडवर्ड नाम का गाइड डॉग पिछले कई वर्षों से ग्राहम के साथ था. नेत्रहीन ग्राहम के लिए एडवर्ड बहुत मददगार साबित होता था.
फिर कैटारेक्ट होने के कारण कुत्ते की आँखें निकालनी पड़ीं. लेकिन मालिक ने वफ़ादार कुत्ते का साथ नहीं छोड़ा.
एक नया गाइड डॉग घर में लाया गया है जो मालिक और उनके नेत्रहीन कुत्ते दोनों की मदद करता है. ग्राहम कहते हैं कि दोनों कुत्तों में बहुत अच्छी दोस्ती भी हो गई है.
60 वर्षीय ग्राहम बताते हैं, "आँख की रोशनी चले जाने के बावजूद एडवर्ड पूरी स्थिति से बहुत अच्छे से निपट रहा है. दरअसल गाइड गॉड ट्रेनिंग के दौरान उसे जो प्रशिक्षण मिला था वो अब भी उसके काम आ रहा है."
ग्राहम ने बताया कि एक और साथी पाकर एडवर्ड ज़्यादा ख़ुश है.

























