परमाणु संयंत्र से धमाके की ख़बर

इमेज स्रोत, BBC World Service
जापानी मीडिया ने अनुसार फ़ुकुशिमा स्थित केंद्रीय परमाणु संयंत्र से धमाके की आवाज़ सुनी गई है. समाचारों के अनुसार इस धमाके के कारण कई कर्मचारी घायल हो गए हैं.
इससे पहले जापान में फ़ुकुशिमा स्थित परमाणु ऊर्जा संयंत्र से रेडियोधर्मी विकिरणों का रिसाव शुरू हो गया था. जापानी अधिकारियों ने परमाणु संयंत्र के आंशिक 'मेल्टडाउन' की स्थिति में पहुंचने की आशंका जताई थी.
शुक्रवार को आए एक बड़े भूकंप के बाद इस परमाणु संयंत्र में बिजली ठप हो गई थी, जिसके बाद इस ऊर्जा संयंत्र की हालत बिगड़ती गई.
फ़ुकुशिमा जापान की राजधानी टोक्यो के उत्तर में स्थित है.
जापान की परमाणु सुरक्षा एजेंसी ने भी कहा है कि फ़ुकुशिमा के रिएक्टर में रेडियोधर्मी विकिरणों के रिसाव का पता चला है.
इससे संकेत मिलता है कि इस रिएक्टर में मौजूद ईंधन ने 'पिघलना' शुरू कर दिया है.
लेकिन परमाणु सुरक्षा एजेंसी ने दोहराया है कि इससे संयंत्र के दस किलोमीटर से बाहर के दायरे में रह रहे लोगों को कोई ख़तरा नहीं है.
अधिकारी क्षतिग्रस्त परमाणु ऊर्जा संयंत्र के आस-पास रहने वाले हज़ारों लोगों को पहले ही सुरक्षित स्थानों पर भेज चुके हैं.
क्षतिग्रस्त रिएक्टर पर 'दवाब' कम करने के लिए हो रही कोशिशों के चलते रेडियोधर्मी विकिरणों के रिसाव का डर बना हुआ है.
कंट्रोल रूम में ख़तरा
फ़ुकुशिमा स्थित एक परमाणु संयंत्र के कंट्रोल रूम में साधारण स्तर से एक हज़ार गुना अधिक रेडियोधर्मी विकिरणें पाई गई हैं.
हांलाकि अधिकारियों का कहना है कि संयंत्र के मुख्यद्वार के बाहर ये स्तर क़रीब आठ गुना ही है.
उधर अधिकारियों ने भूकंप के बाद देश के पांच रिएक्टरों में आपातकाल की घोषणा कर दी है. जापान के कुछ परमाणु रिएक्टरों में वैज्ञानिक दवाब कम करने के लिए भाप को निकाल रहे हैं.
इस भाप के ज़रिए जो गैस बाहर आएगी उसमें रेडियोधर्मी विकिरणों की मौजूदगी हो सकती है. लेकिन अधिकारियों का कहना है कि इससे आम लोगों को कोई ख़तरा नहीं है.
शुक्रवार को आए भूकंप के बाद फ़ुकुशिमा स्थित परमाणु संयंत्रों में बिजली ठप हो गई थी जिसके चलते संयंत्र अपने आप बंद हो गए थं.
ऐसा माना जा रहा है कि ‘फ़ुकुशिमा-एक’ संयंत्र में जेनरेटर भी विफल हो गए थे.

























