लंदन ओलंपिक की घड़ी बंद

इमेज स्रोत, PA
वर्ष 2012 में लंदन में आयोजित होने वाले ओलंपिक खेलों में अब केवल 500 दिन बाकी रह गए हैं.
लेकिन मंगलवार को उस समय शर्मनाक स्थिति पैदा हो गई जब ये बताने वाली एक दिन पहले शुरू हुई घड़ी कई घंटे तक बंद रही.
स्विस कंपनी ओमेगा ने छह मीटर लंबी ये घड़ी तैयार की है और इसे लंदन के ट्रैफ़ैल्गर स्क्वेकर में लगाया गया है.
एक दिन पहले ही इसका ज़ोरदार तरीके से उदघाटन किया गया था, साथ ही ओलंपिक खेलों के टिकटों की बिक्री की शुरुआत की गई थी.
कंपनी के प्रवक्ता ने माना कि ये निराशाजनक शुरुआत है लेकिन अब ये सामान्य रूप से काम कर रही है.
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2012 में ब्रिटेन की राजधानी लंदन ओलंपिक खेलों की मेज़बानी कर रहा है.
वर्ष 1948 के बाद पहली बार लंदन को ओलंपिक की मेज़बानी मिली है.
ये फ़ैसला अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक सदस्यों के बीच मतदान से होता है.
2012 के ओलंपिक खेलों के आयोजन के लिए लंदन और पेरिस के बीच कड़ा मुक़ाबला था और पेरिस को सबसे आगे माना जा रहा था. लेकिन आख़िरी दौर में लंदन ने उसे पछाड़ दिया था.
इसके पहले तीन शहर मॉस्को, न्यूयॉर्क और मैड्रिड पहले, दूसरे और तीसरे दौर के मतदान में बाहर हो गए थे.

























