सेक्स स्कैंडल में मुक़दमा शुरू

इमेज स्रोत, AFP
कम उम्र की लड़की के साथ सेक्स के मामले में इटली के प्रधानमंत्री सिल्वियो बर्लुस्कोनी के ख़िलाफ़ मुक़दमा शुरू हो गया है.
लेकिन उस समय अदालत में न तो सिल्वियो बर्लुस्कोनी मौजूद थे और न ही कथित यौनकर्मी करीमा अल महरोग ही अदालत पहुँचीं. इसलिए मुक़दमा शुरू होने के कुछ ही मिनटों के अंदर अदालती कार्यवाही 31 मई तक के लिए रोक दी गई.
प्रधानमंत्री बर्लुस्कोनी पर ये भी आरोप है कि उन्होंने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए महरोग को पुलिस हिरासत से छुड़ाने के लिए दखल दिया.
हालाँकि वे इन आरोपों से इनकार करते हैं और इन्हें राजनीति से प्रेरित बताते हैं. दोषी पाए जाने पर बर्लुस्कोनी को 15 साल जेल की सज़ा हो सकती है.
हालाँकि जानकारों का मानना है कि ऐसे मामलों में कई बार अदालती कार्यवाही रुकती है और हर स्तर पर क़ानूनी रूप से इसे चुनौती भी दिया जाता है.
आने वाले हफ़्तों और महीनों के दौरान सबूतों के तौर पर क़रीब 20 हज़ार पन्नों के दस्तावेज़ पेश किए जाएँगे और क़रीब 40 महिलाएँ गवाह के रूप में भी अदालत में पेश होंगी.
इनकार
बर्लुस्कोनी ने इससे भी इनकार किया है कि पिछले साल उन्होंने कम उम्र की एक नाइटक्लब डांसर करीमा अल महरोग (रूबी) के साथ पैसा देकर सेक्स किया था.
महरोग भी बर्लुस्कोनी के साथ सेक्स से इनकार किया है. वे अपने को यौनकर्मी भी नहीं मानती हैं.
वकीलों का आरोप है कि प्रधानमंत्री सिल्वियो बर्लुस्कोनी ने रुबी के साथ उस समय सेक्स किया, जब वो सिर्फ़ 17 साल की थी. इटली में कम उम्र की लड़कियों के साथ सेक्स करना अपराध है.
वकीलों का ये भी कहना है कि बर्लुस्कोनी ने महरोग के साथ 13 बार सेक्स किया था.
बीबीसी संवाददाताओं का कहना है कि इस बात के सबूत भी पेश किए जा सकते हैं कि किस तरह बर्लुस्कोनी की पार्टियों में महिलाओं को पैसे देकर बुलाया जाता था.
इस मामले में सिल्वियो बर्लुस्कोनी ने 78 गवाहों के नाम बताए हैं. इनमें हॉलीवुड के स्टार जॉर्ज क्लूनी और उनकी गर्लफ़्रेंड भी हैं. जो बर्लुस्कोनी की एक पार्टी में अतिथि थे.

























