संयंत्र बंद करने में लगेंगे 10 साल

फ़ुकुशिमा
इमेज कैप्शन, जापान के परमाणु मामलों के मंत्री फ़ुकुशिमा परमाणु संयत्र के भीतर दौरे के लिए गए.
प्रकाशित

जापान के फ़ुकुशिमा परमाणु संयंत्र के रिएक्टरों को बनाने वाली कंपनी तोशिबा ने कहा है कि उसे प्लांट को पूरी तरह से बंद करने में 10 साल का वक़्त लग सकता है.

ये अवधि अमरीका के 'लाँग आईलैंड' में मौजूद संयंत्र को बंद करने में लगे समय का एक तिहाई ही है. लाँग आईलैंड संयत्र का एक हिस्सा 1979 में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था.

संयंत्र को बंद करने के लिए परमाणु ईंधन की छड़ों को उनके कंटेनर और इस्तेमाल हो चुके ईंधन को भंडारों से निकालना पड़ेगा.

हालांकि मुख्य कैबिनेट सचिव यूकिओ ईदानो ने कहा है कि सरकार संयंत्र को बंद करने की समयसीमा को लेकर जल्द ही एक विस्तृत रूपरेखा जारी करेगी.

लेकिन उन्होंने साथ ही ये भी कहा कि चूंकि फ़िलहाल संयंत्र के रिएक्टर अस्थिर हैं इसलिए उन्हें ग़ौर करना होगा कि उनकी रूपरेखा कितनी सटीक होगी.

रेडियोधर्मी पानी

इस बीच संयंत्र के परिचालक टोक्यो इलेक्ट्रिक पॉवर कॉरपोरेशन ने कहा है कि प्लांट में मौजूद रेडियोधर्मी पानी को समुद्र में बहाने का काम रविवार तक जारी रहेगा.

कंपनी का कहना है कि गुरूवार को भूकंप के बाद दोबारा आए तेज़ झटकों की वजह से इस काम को पहले ख़त्म करने में देरी हो गई है.

गुरूवार को आए झटकों में तीन लोगों की मौत हो गई थी.

भूकंप के फ़ौरन बाद टर्बाईनों को ठंडा करने के लिए प्लांट में समुद्र से भारी मात्रा में पानी ले जाकर छिड़काव किया गया था.

इस बीच जापान ने कहा है कि वो रेडियोधर्मी की मौजूदगी वाली ज़मीन में किसानों को बुआई करने से मना कर रहा है और उसने इसके लिए उन्हें मुआवज़ा देने का भी प्रावधान किया है.