कंधार: पुलिस प्रमुख की आत्मघाती हमले में मौत

अफ़गानिस्तान के कंधार प्रांत के पुलिस प्रमुख की एक आत्मघाती हमले में मौत हो गई है.
अधिकारियों ने बताया है कि कंधार के पुलिस प्रमुख ख़ान मोहम्मद मुजाहिद पर हमला पुलिस मुख्यालय में हुआ और इस हमलें में दो अन्य पुलिस अधिकारी घालय हुए हैं.
अफ़गानिस्तान के गृह मंत्रालय के अनुसार हमलावर ने पुलिस की वर्दी पहनी हुई थी जिस वजह से वो आसानी पुलिस मुख्यालय में प्रवेश कर पाया.
पुलिस प्रमुख ख़ान मोहम्मद मुजाहिद पर इससे पहले भी हमले हुए थे. पुलिस मुख्यालय भी चरमपंथियों के निशाने पर रहा है.
प्रांत के पुलिस उप-प्रमुख शेर शाह ने समाचार एजेंसी एएफ़पी को बताया, "आत्मघाती हमलावर ने अपने शरीर पर विस्फोटक बांध रखे थे. उसने कंधार पुलिस मुख्यालय के गेट पर ख़ुद को उड़ा दिया. पुलिस प्रमुख की मौत हो गई है और दो पुलिसकर्मी घायल हुए हैं."
कंधार को तालिबान का आध्यात्मिक केंद्र माना जाता है और वहां हाल के वर्षों में हिंसा की कुछ बड़ी घटनाएं हुई हैं.
जब से अफ़गान पुलिस और सेना ने नेटो से सुरक्षा की ज़िम्मेदारी अपने हाथ में लेने की तैयारी शुरू की है तब से उनपर तालिबान के हमले बढ़ गए हैं.





















