वियतनाम में बर्ड फ़्लू से एक व्यक्ति की मौत

वियतनाम में बर्ड फ़्लू से मौत का मामला इससे पहले अप्रैल 2010 में सामने आया था.
इमेज कैप्शन, वियतनाम में बर्ड फ़्लू से मौत का मामला इससे पहले अप्रैल 2010 में सामने आया था.
प्रकाशित

अधिकारियों का कहना है कि वियतनाम में बर्ड फ़्लू से एक व्यक्ति की मौत हो गई है. उनका कहना है कि देश में बर्ड फ़्लू से किसी इंसान की मौत का दो वर्ष में सामने आया ये पहला मामला है.

एच5एन1 वॉयरस की वजह से कम्बोडिया में भी बुधवार को एक बच्चे की मौत हो गई थी.

बर्ड फ़्लू से एक हफ़्ते में हुई दो मौतों के साथ ही इस क्षेत्र में बीते तीन सप्ताह में कुल चार लोग मारे जा चुके हैं.

इससे पहले चीन में बीते साल 31 दिसम्बर को एक व्यक्ति की बर्ड फ़्लू से मौत हो गई थी. फिर सात जनवरी को इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में भी एक व्यक्ति को एच5एन1 वॉयरस की वजह से अपनी जान से हाथ धोना पड़ा था.

स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि वियतनाम में जांच से पुष्टि हुई है कि सोमवार को जिस 18 वर्षीय युवक की मौत हुई, वो एच5एन1 वॉयरस के सम्पर्क में आया था.

अधिकारियों के मुताबिक़, ये युवक मेकांग डेल्टा स्थित कान थो शहर में एक बत्तख़ फ़ॉर्म में काम करता था. उसे तेज़ बुख़ार आया था.

अधिकारियों का ये भी कहना है कि जो लोग उसके सम्पर्क में आए थे, उन पर नज़र रखी जा रही है.

वियतनाम में बर्ड फ़्लू से मौत का मामला इससे पहले अप्रैल 2010 में सामने आया था.