बग़दाद में आत्मघाती हमला, 30 की मौत

इमेज स्रोत, AP
इराक़ की राजधानी बग़दाद के नज़दीक हुए एक आत्मघाती कार हमले में 30 लोगों की मौत हो गई है और 60 लोग घायल हो गए हैं.
ये हमला राजधानी बग़दाद के ज़फरानिया शहर में तब हुआ जब वहां के बाज़ार से एक शव यात्रा निकाली जा रही थी.
ज़फरानिया शहर एक शिया बहुल इलाका है,जहां रहने वाली ज्य़ादातर आबादी शियाओं की है.
एक सुरक्षा अधिकारी के अनुसार हमलावर ने बाज़ार में हमला करने से पहले एक पुलिस स्टेशन को निशाना बनाने की नाकाम कोशिश की थी.
इराक़ से पिछले महीने अमरीकी फौज को हटाए जाने के बाद वहां इस तरह के हमलों में तेज़ी आई है.
गुरुवार को भी यहां हुए हमलों में 16 लोगों की मौत हो गई थी.
व्यावसायी की हत्या
अधिकारियों के अनुसार ये आत्मघाती हमला स्थानीय समयानुसार सुबह 11 बजे किया गया.
जिस समय ये हमला हुआ उस समय वहां जमा हुए ग़मगीन लोग एक दिन पहले पश्चिमी बग़दाद के यार्मुक में मारे गए ज़मीन-जायदाद के व्यवसाय से जुड़े एक परिवार के शवों को दफ़नाने ले जा रहे थे.
मारे गए लोगों में परिवार का मुखिया मोहम्मद अल-मलीकी, उनकी पत्नी और एक बेटा था.
इस आत्मघाती हमले के तुरंत बाद आसमान पर हेलिकॉप्टर मंडराने लगे और सुरक्षाकर्मियों ने घटनास्थल को घेर लिया लेकिन वहां मौजूद लोग ग़ुस्सा और दुख से चीखने-चिल्लाने लगे.
अस्पताल के बाहर जमा हुए लोग अपने खोए हुए सगे-संबंधियों को ढूंढने के लिए उनका नाम पुकारते हुए नज़र आ रहे हैं तो अस्पताल के अंदर लोग अस्पताल कर्मियों से अपने परिजनों का हाल जान रहे हैं.
अस्पताल की एक नर्स ने अंदर के हालात की जानकारी कुछ इस तरह से दी,''मैं आपको कुछ नहीं बता सकती, अंदर सिर्फ कटे हुए हाथ और पैर हैं और मैं ये नहीं कह सकती कि ये कटे हुए अंग किसके हैं.''
गुरुवार को हुए हमलों में 16 और लोगों की मौत गई थी.
अल-मलीकी और उनके परिवार की मौत कैसे हुई इसके बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है लेकिन सूत्रों के अनुसार यार्मुक में कुछ हथियारबंद लोगों द्वारा की गई गोलीबारी में ज़मीन-जायदाद के व्यवसाय से जुड़े एक परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई थी.
दूसरा हमला दक्षिणी बग़दाद के मुसायिब में विद्रोहियो द्वारा घर में घुसकर किया गया था. इस हमले में पुलिस की नौकरी कर रहे दो भाइयों और उनके आठ रिश्तेदारों की हत्या हो गई थी.
और तीसरी घटना किरकुक की है जहां हुए एक बम धमाके में तीन लोगों की मौत हो गई थी.

























