दक्षिणी सूडान में हमले में 40 की हत्या

दक्षिणी सूडान
इमेज कैप्शन, दक्षिणी सूडान के आंतरिक मंत्री ने आरोप लगाया कि ख़ार्तूम में सूडान की सरकार हमलावरों को हथियार उपलब्ध करवा रही है.
प्रकाशित

दक्षिणी सूडान में बंदूकधारियों के एक हमले में कम से कम 40 लोग मारे गए हैं.

कुछ खबरों के अनुसार हमले में मरने वालों की संख्या 100 तक हो सकती है.

दक्षिणी सूडान के आंतरिक मंत्री ने आरोप लगाया कि राजधानी ख़ारतूम में सूडान की सरकार हमलावरों को हथियार उपलब्ध करवा रही है.

वारब राज्य में एक अधिकारी ने पेरिस-स्थित समाचार पत्र `सूडान ट्रिब्यून' को बताया कि शनिवार को टौंग ईस्ट काउंटी में लुआक जाँग जाति के लोगों पर हमला हुआ था.

राज्य की स्पीकर ने कहा कि हमले में 76 से ज़्यादा लोग मारे गए हैं जबकि कई लोगों के बारे में कोई खबर नहीं मिली है.

राज्य के एक और अधिकारी ने समाचार पत्र को बताया कि स्थानीय लोग सौ लोगों के मारे जाने की बात कर रहे हैं.

समाचार एजेंसी एएफ़पी के अनुसार आंतरिक मंत्री अलिसन मनानी मगाया ने कहा है कि यह हमला पड़ोसी यूनिटी राज्य से एक संगठन ने किया है.

उन्होंने कहा, ''इस संगठन को सूडान की सरकार ने हथियार उपलब्ध कराए थे'' हालांकि उन्होंने इसके लिए ज़िम्मेदार संगठन का नाम नहीं लिया है.