'लाखों नौकरियाँ पैदा कीं, दोबारा राष्ट्रपति पद का हक़दार हूँ’

अमरीकी राष्ट्रपति बराक ओबामा की लोकप्रियता बढ़ी है
इमेज कैप्शन, अमरीकी राष्ट्रपति बराक ओबामा की लोकप्रियता बढ़ी है
प्रकाशित

अमरीकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने एक अमरीकी टेलीविज़न चैनल को दिए साक्षात्कार में कहा है कि वो व्हाइट हाउस में दूसरे कार्यकाल के हक़दार हैं.

वहीं नवंबर में होने वाले अमरीका के राष्ट्रपति पद के चुनाव से पहले के एक ताज़ा सर्वेक्षण में ओबामा की लोकप्रियता बढ़ी है. मई 2011 के बाद पहली बार ओबामा की रेटिंग 50 प्रतिशत से ज़्यादा हो गई है.

एबीसी न्यूज़ और वॉशिंगटन पोस्ट के एक सर्वेक्षण के मुताबिक भी राष्ट्रपति ओबामा रिपब्लिकन पार्टी के प्रबल दावेदार मिट रॉमनी को हरा सकते हैं.

राष्ट्रपति पद के लिए बराक ओबामा के ख़िलाफ़ रिपब्लिकन पार्टी का उम्मीदवार चुनने के लिए अमरीका के विभिन्न राज्यों में मतदान हो रहे है. शुरुआती नतीजों के मुताबिक इनमें मिट रॉमनी सबसे आगे चल रहे हैं.

रोज़गार बढ़ाने का दावा

अमरीकी टेलीविज़न चैनल एनबीसी को दिए ओबामा के साक्षात्कार से दो दिन पहले ही अमरीका में रोज़गार के ताज़ा आंकड़े जारी किए गए थे.

इन्ही आंकड़ों का हवाला देते हुए ओबामा ने कहा कि वर्ष 2005 से उनकी सरकार ने सबसे ज़्यादा नौकरियों के अवसर पैदा किए हैं और वर्ष 1990 से उत्पादन क्षेत्र में सबसे ज़्यादा नौकरियां आई हैं.

बराक ओबामा ने कहा, “मैं राष्ट्रपति पद के दूसरे कार्यकाल का हक़दार हूं, हमने पिछले 23 महीनों में 37 लाख नौकरियां पैदा की हैं और अभी मेरा काम ख़त्म नहीं हुआ है.”

उन्होंने कहा, “मैं बस काम करता रहूंगा, डटा रहूंगा, और क्या आप जानते हैं कि राष्ट्रपति होने का मतलब ये भी है कि समय के साथ आप बेहतर होते जाते हैं.”

चुनाव से पहले के सर्वेक्षण

एबीसी न्यूज़ और वॉशिंगटन पोस्ट के ताज़ा सर्वेक्षण से, पिछले महीनों में सामने आए अच्छे आर्थिक आंकड़ों के जनता पर प्रभाव के संकेत मिलते हैं.

जब इसमें हिस्सा लेने वाले 1,000 लोगों से पूछा गया कि अगर चुनाव फ़ौरन हो जाएं तो वे किसे राष्ट्रपति चुनना चाहेंगे, तो 51 प्रतिशत ने बराक ओबामा और 45 प्रतिशत ने मिट रॉमनी का नाम लिया.

वहीं राष्ट्रपति पद के लिए रिपब्लिकन पार्टी के दूसरे दावेदार न्यूट गिंगरिच और ओबामा को आमने-सामने रखा गया तो आंकड़े थे 43 प्रतिशत और 54 प्रतिशत.

ग़ौरतलब है कि रिपब्लिकन पार्टी के दावेदारों में मिट रॉमनी की बढ़त बनी हुई है और ख़ास तौर पर आर्थिक मुद्दों पर उनके रुख को पसंद किया जा रहा है.

रिपब्लिकन पार्टी का उम्मीदवार तय करने के लिए सभी 50 राज्यों में मतदान होगा और जीतने के लिए 1,144 सदस्यों का समर्थन चाहिए होगा. अगला मतदान कोलोराडो और मिनेसोटा में सात फ़रवरी को होगा.