नेटो के टैंकरों पर हमला, छह मरे

पाकिस्तान में अधिकारियों का कहना है कि नेटो को ईंधन की आपूर्ति करने वाले एक डिपो पर चरमंथियों के हमले में छह लोग मारे गए हैं.
पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद के क़रीब हुए इस हमले में चरमपंथियों ने 27 टैंकरों को आग लगा दी.
बीबीसी संवाददाता सैय्यद शोएब हसन के मुताबिक इस्लामाबाद के क़रीब रावत में नेटो के टेंकर ईंधन से भरने के बाद निकलने के लिए की तैयारी में थे कि अचानक हमला हो गया.
एक स्थानीय टीवी चैनल को उमर फ़ारुक़ नाम के पुलिस अधिकारी ने बताया, “स्वचालित हथियारों से लैस दस से बारह लोगों ने डिपो पर दोतरफ़ा हमला किया. इन लोगों ने टैंकरों पर अंधाधुंध गोलियां चलाईं जिससे टैंकरों में आग लग गई. ”
नेटो और पाकिस्तान के बीच तनाव
अस्पताल के अधिकारियों का कहना है कि इस हमले में कम से कम छह लोगों की मौत हो गई है और क़रीब 12 लोग घायल है.
बीते शुक्रवार के बाद ये इस तरह दूसरा हमला है. शुक्रवार को हुए एक ऐसे ही हमले में 27 टैंकरों को आग लगा दी गई थी. उस हमले के लिए पाकिस्तानी तालिबान ने ज़िम्मेदारी ली थी.
ये हमले ऐसे वक़्त में हुए हैं जब पाकिस्तानी सीमा के भीतर नेटो हमले में तीन पाकिस्तानी सैनिकों के मरने का मामला गर्माया हुआ है.
बढ़ते तनाव के बीच पाकिस्तान ने कुछ मार्गों को नेटो के लिए बंद कर दिया है.

























