कराची में बड़ा विस्फोट, कई हताहत

प्रकाशित
पाकिस्तान के कराची शहर में स्थानीय समय के अनुसार क़रीब आठ बजे एक बड़ा धमाका हुआ है जिसमें कई लोगों के हताहत होने की ख़बरें हैं.
समाचार एजेंसियों के अनुसार कम से कम 10 लोगों के शव मलबे से निकाले जा चुके हैं और बहुत से घायलों को अस्पताल पहुँचाया गया है. स्थानीय मीडिया का कहना है कि मरने वालों और घायलों की संख्या बड़ी हो सकती है.
धमाका पुलिस के ख़ुफ़िया विभाग सीआईडी के दफ़्तर को निशाना बनाकर किया गया.
जहाँ धमाका हुआ वहाँ पास ही मुख्यमंत्री का निवास और शेरटन होटल भी है.
शेरटन होटल को ही निशाना बनाकर दो साल पहले भी धमाका किया गया था.
पुलिस ने घटनास्थल को घेर लिया है और घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुँचाया जा रहा है.





















