पेशावर में कार बम धमाका, नौ मरे

इमेज स्रोत, AP
पाकिस्तान के उत्तर पश्चिम में स्थित शहर पेशावर के बाहरी इलाक़े में हुए एक कार बम धमाके में एक महिला और दो बच्चों समेत नौ लेग मारे गए हैं.
इस वर्ष की शुरुआत से लेकर अब तक पेशावर में यह छठा चरमपंथी हमला है जबकि पिछले एक हफ़्ते में वहाँ यह हमले की तीसरी घटना है.
सरकारी अधिकारियों के अनुसार कार बम धमाका पेशावर के बाहरी इलाक़े में एक बाज़ार में हुआ जब विस्फोटकों से लदी एक कार में धमका किया गया.
समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार इस धमाके में 15 दुकानें तबाह हो गईं और लगभग 19 लोग घायल हुए हैं.
ये धमाका उस सड़क पर हुआ है जो पेशावर से होकर पाकिस्तान-अफ़ग़ानिस्तान की सीमा तक जाती है.
फ़िलहाल ये स्पष्ट नहीं है कि इस धमाके का निशाना कौन था.
पाकिस्तान के उत्तर पश्चिम में ही बुधावर को कुछ चरमपंथियों ने मोहमंद कबायली इलाके़ के अनारगी क्षेत्र में एक सुरक्षा नाके पर हमला किया और समाचार एजेंसी एपी के अनुसार तीन सुरक्षाकर्मी मारे गए और चार घायल हो गए.





















