केंद्रीय बजट 16 मार्च को पेश होगा

प्रकाशित

संसदीय कार्यमंत्री पवन कुमार बंसल ने कहा है कि वित्तमंत्री प्रणव मुखर्जी 16 मार्च को लोकसभा में केंद्रीय बजट पेश करेंगे.

बजट सेशन 12 मार्च को राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल के भाषण से शुरू होगा जिसमें वो दोनों सदनों के सदस्यों को संबोधित करेंगी.

संसदीय कार्यमंत्री ने कहा कि रेल बजट 14 मार्च को पेश किया जाएगा जबकि आर्थिक सर्वेक्षण 15 मार्च को आएगा.

पवन कुमार बंसल ने कहा कि हम राष्ट्रपति से आग्रह करेंगे कि बजट सेशन 12 मार्च से शुरू करके 30 तक जारी रखा जाए.

संसदीय कार्यमंत्री ने संसदीय मामलों की मंत्रीमंडलीय समिति की बैठक के बाद दिल्ली में संवाददाताओं से बातचीत की.

उन्होंने कहा कि बजट का दूसरा हिस्सा 24 अप्रैल से लेकर 22 मई तक जारी रहेगा.

बजट सत्र सामान्यत: फ़रवरी के तीसरे हफ़्ते में प्रारंभ होता है लेकिन इस बार वो राज्यों में हो रहे चुनावों के कारण देर से शुरू होगा.