ग्रीस की कैबिनेट ने और कटौतियों की मंज़ूरी दी
ग्रीस के मंत्रिमंडल ने सर्वसम्मति से खर्चे कम करने के और उपायों को मंज़ूरी दे दी है. यूरोज़ोन के देशों ने ग्रीस को और मदद दिए जाने के एवज़ में खर्चे कम करने की मांग रखी थी.
यूरोज़ोन देशों का कहना था कि वो ग्रीस को कई अरब डॉलर की मदद दे सकता है ताकि ग्रीस अपने ऋण चुका सके. खर्चों में कटौती के जिन उपायों पर मंत्रिमंडल राज़ी हुआ है उन्हें अभी संसद की रज़ामंदी मिलनी बाकी है.
उल्लेखनीय है कि कैबिनेट के पांच सदस्य इन कटौतियों का विरोध कर रहे थे और उनके इस्तीफे़ के बाद प्रस्ताव मंजूर कर लिया गया.
इससे पहले एथेंस की सड़कों पर आम हड़ताल का आह्वान किया गया था और इस दौरान झड़पें भी हुई हैं.
प्रधानमंत्री लूकास पापाडेमोस ने चेतावनी दी है कि अगर देश अपने ऋण नहीं चुका पाता है तो चारों तरफ अराजक स्थिति पैदा हो जाएगी.
यूरोज़ोन के वित्त मंत्रियों ने वादा किया है कि अगर संसद इन कटौतियों को मान लेती है तो ग्रीस को 130 अरब यूरो का ऋण दिया जाएगा





















