उत्तर प्रदेश: बलात्कार मामले में शीर्ष अधिकारी निलंबित

प्रकाशित

उत्तर प्रदेश में प्रतापगढ़ के नवाबगंज में हुए बलात्कार मामले में जिलाधिकारी वाईके बहल, पुलिस अधीक्षक ओपी सागर, उपजिलाधिकारी (कुण्डा) आरपी मिश्र तथा कुण्डा के पुलिस उप-अधीक्षक वीएस.राणा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है.

इन सभी अधिकारियों पर प्रशासनिक स्तर पर लापरवाही, अदूरदर्शिता और ढीलेपन के आरोप हैं.

सरकारी प्रवक्ता के अनुसार 20 जून को प्रतापगढ़ के ग्राम अस्थान की एक नाबालिग लड़की बकरी चराने गई थी. इस लड़की का बलात्कार कर हत्या कर दी गई. बाद में उसकी लाश करीब के जंगल से बरामद हुई.

इस घटना से आक्रोशित लोगों ने उपद्रव किया और सड़क जाम की. इस दौरान हुई आगजनी और तोड़-फोड़ के मामले में प्रशासनिक स्तर पर लापरवाही के आरोप लगाए गए हैं