ईरान सीरिया में शांति बहाल करने में मदद को तैयार
प्रकाशित
संयुक्त राष्ट्र में मौजूद ईरान के राजदूत ने कहा है कि उनका देश सीरिया में चल रहे संकट को खत्म करने के लिए विदेशी प्रयासों में सहयोग करने के लिए तैयार है.
सीरिया में चल रहे गतिरोध को दूर करने के लिए शनिवार को संयुक्त राष्ट्र संघ के प्रतिनिधि कोफी अन्नान ने सीरिया के पड़ोसी देशों की बैठक बुलाई है जिसमें ईरान को शामिल नहीं किया गया है. ईरान के राजदूत मोहम्मद खाजी उसी पर प्रतिक्रिया दे रहे थे.
पश्चिमी देशों का ईरान पर आरोप है कि वह सीरिया के राष्ट्रपति बशार अल-अशद की सरकार का समर्थन कर रहा है.
अमरीका की गृह मंत्री हिलेरी क्लिंटन ने आशा व्यक्त की है कि उस बैठक का सकारात्मक परिणाम निकलेगा.





















