तत्काल टिकट संबंधी नए नियम कल से लागू

प्रकाशित

तत्काल टिकटों की कालाबाजारी को रोकने के मकसद से बनाए गए नए दिशा-निर्देश 10 जुलाई से लागू हो रहे हैं.

रेलवे ने सोमवार को कहा कि तत्काल टिकट अगले दिन की ट्रेनों के लिए सभी कंप्यूटरीकृत आरक्षण काउंटरों और गैर आरक्षित टिकट काउंटरों पर सुबह दस बजे से साढ़े दस बजे के बीच विशेष रूप से जारी किए जाएंगे.

पूर्व रेलवे की एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि इस दौरान कोई भी सामान्य टिकट नहीं जारी किया जाएगा.

यदि उस वक्त तत्काल टिकट के लिए कोई यात्री नहीं होगा तभी दूसरे टिकट दिए जाएंगे.

पूर्वी रेलवे के प्रवक्ता समीर गोस्वामी ने कहा कि अगले दिन की ट्रेनों के लिए सुबह दस से सवा दस बजे के इस विशेष समय के दौरान इंटरनेट से तत्काल टिकट बुक नहीं कराये जा सकेंगे.

इस दौरान आईआरसीटीसी और आरटीए समेत किसी भी अनधिकृत एजेंट को तत्काल टिकट बुक नहीं करने दिया जाएगा.