सू ची के प्रचार में जुट रही है भीड़

इमेज स्रोत, AFP
बर्मा की लोकतंत्र समर्थक नेता आंग सान सू ची चुनाव प्रचार के लिए तटीय शहर दवोए का दौरा कर रही हैं और उनकी सभाओं में काफी भीड़ जुट रही है.
कई महीनों में यह पहली बार है कि वह अपने शहर रंगून से बाहर निकली हैं. यह दौरा अप्रैल में होने वाले उप-चुनावों से कुछ ही दिन पहले हो रहा है.
सू ची की नेशनल लीग फॉर डेमोक्रेसी (एनएलडी) पार्टी दवोए समेत सभी चुनावी क्षेत्रों में चुनाव लड़ रही हैं. दवोए में सरकार की बहुत बड़े औद्योगिक केंद्र के निर्माण की योजना है.
एनएलडी के प्रवक्ता से अनुसार सू ची की यह यात्रा अपनी पार्टी को अप्रैल में होने वाले चुनावों के लिए तैयार करने के लिए हैं. लेकिन यह केवल प्रशासनिक यात्रा नहीं है.
थाईलैंड से बीबीसी के संवाददाता के अनुसार जहाँ भी सू ची जाती हैं उनकी एक झलक पाने के लिए भीड़ एकत्र हो जाती है क्योंकि लोग उस महिला को देखना चाहते हैं जो 15 वर्ष से नज़रबंद थी.
दिलचस्प चयन
प्रचार के लिए दवोए का चयन दिलचस्प है. इस तटीय शहर में बहुत बड़े औद्योगिक केंद्र के निर्माण की योजना है जिससे क्षेत्र को नया रूप मिल सकता है.
कुछ दिन पहले पर्यावरण कारणों की वजह से सरकार ने वहां कोयले से चलने वाले बिजली घर की योजना को स्थगित कर दिया था.
चौंकाने वाले इस फैसले को स्थानीय पर्यावरण कार्यकर्ताओं की जीत और बर्मा के सुधार के संकेत के तौर पर देखा गया था.
कितनी आसानी से सू ची देश भर में प्रचार कर पाती हैं उससे यह पता चल पाएगा कि बर्मा में किस हद तक राजनीतिक सुधार संभव हो पाए हैं.
गौरतलब है कि सू ची की नज़रबंदी नवंबर 2010 में ख़त्म कर दी गई थी.
उनकी पार्टी ने पिछले चुनाव का बहिष्कार किया था लेकिन अब बर्मा में सुधार कार्यक्रमों को ध्यान में रखकर वह राजनीतिक प्रक्रिया में हिस्सा ले रही है.

























